बाड़मेर के जिला हॉस्पिटल में तोड़फोड़, डॉक्टर-नर्सिंगकर्मियों से गाली-गलौज:मरीज के साथ आए युवकों ने हंगामा किया; पीएमओ बोले- जांच कर रहे हैं

बाड़मेर के जिला हॉस्पिटल में तोड़फोड़, डॉक्टर-नर्सिंगकर्मियों से गाली-गलौज:मरीज के साथ आए युवकों ने हंगामा किया; पीएमओ बोले- जांच कर रहे हैं

बाड़मेर में जिला हॉस्पिटल की इमरजेंसी में शनिवार की देर रात मरीज को रेफर करने की मांग को लेकर हंगामा हो गया। सांस लेने में परेशानी की शिकायत पर चार युवक एक मरीज को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों की जांच में मरीज की स्थिति सामान्य बताए जाने के बाद भी युवकों ने रेफर करने की मांग की। विवाद बढ़ने पर डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ से गाली-गलौज की गई और इमरजेंसी वार्ड के गेट पर लगे कांच तोड़ दिए गए। घटना देर रात करीब 3 बजे की है। हॉस्पिटल प्रशासन के अनुसार, चार युवक स्वरूपसिंह उर्फ युधिष्ठर को सांस लेने में परेशानी होने पर इमरजेंसी वार्ड लेकर आए थे। मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद एक्सपर्ट डॉक्टर रमेश कटारिया को बुलाया। डॉ. कटारिया ने मरीज की जांच की, जिसमें स्थिति सामान्य मिलने पर डॉक्टरों ने तत्काल रेफर की जरूरत नहीं बताई। समझाने के बावजूद बढ़ता गया विवाद
डॉक्टरों के अनुसार, युवकों ने मरीज को रेफर करने की मांग जारी रखी। डॉक्टरों द्वारा मरीज की स्थिति सामान्य होने और रेफर की जरूरत नहीं होने की बात समझाने के बावजूद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने डॉक्टर और स्टाफ के साथ गाली-गलौज की और इमरजेंसी वार्ड के गेट पर लगे कांच तोड़ दिए। डॉ. रमेश कटारिया ने बताया- मरीज की टीम ने दो-तीन बार अच्छी तरह जांच की थी और उसकी स्थिति रेफर करने जैसी नहीं थी। इसके बावजूद दो युवक लगातार रेफर करने की मांग कर रहे थे। इसके बाद गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने लग गए। पुलिस और सुरक्षा गार्ड को बुलाया
हंगामे की सूचना पर हॉस्पिटल प्रशासन ने सुरक्षा गार्ड और पुलिस को बुलाया। हालांकि, पुलिस और गार्ड के पहुंचने से पहले ही युवक चले गए। डॉक्टर ने रविवार को पीएमओ को लिखित में घटना की जानकारी दी है। पुलिस को भी घटनाक्रम की मौखिक जानकारी दी गई है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। पीएमओ बोले- मामले की जांच की जा रही है
पीएमओ बीएल मंसूरिया ने बताया कि डॉक्टर और स्टाफ ने घटना की जानकारी दी है। रात के समय अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। पुलिस मौके पर आई थी और मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *