केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने रविवार को कहा कि कांग्रेस को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को लेकर कुछ आपत्तियां हैं लेकिन वह पूर्व मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन की बेटी वीणा टी. के खिलाफ धनशोधन मामले की एजेंसी की जांच को लेकर कोई टिप्पणी नहीं करेगी। प्रवर्तन निदेशालय ने हाल में एक बयान जारी कर सीएमआरएल धनशोधन मामले में आरोप लगाया गया था कि वीणा ने केरलम से विदेश पैसे भेजे थे। इस संदर्भ में पूछे जाने पर मुरलीधरन ने कहा कि कांग्रेस इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करेगी और दोहराया कि ईडी के प्रति पार्टी का रुख पूर्व की तरह ही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ईडी एक ऐसी एजेंसी है जिसका इस्तेमाल केंद्र सरकार राजनीतिक दखलंदाजी के लिए करती है। इसलिए, कांग्रेस ईडी के किसी भी रुख का समर्थन नहीं करती है। हम इस मामले में दखल नहीं दे रहे हैं, इसे अपनी गति से आगे बढ़ने दें।’’
मुरलीधरन से जब पूछा गया कि क्या उन्हें ईडी के बयान पर भरोसा नहीं है, तो उन्होंने कहा कि यह अविश्वास का सवाल नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जब ईडी इसकी जांच करती है, तो हम इसे बढ़ावा नहीं देते… हम ईडी को बढ़ावा नहीं देते। राज्य सरकार के मामलों की समीक्षा करने के बाद कोई रुख अपनाने के अलावा, हर स्थिति में ईडी के प्रति हमारा रुख एक जैसा ही रहता है।’’
वीणा के घर छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों पर हमला करने के आरोपी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) कार्यकर्ताओं के यहां म्यूज़ियम पुलिस थाने में ओणम समारोह में शामिल होने के बारे में मुरलीधरन ने कहा कि कई पुलिस अधिकारियों को यह एहसास ही नहीं हुआ कि सरकार बदल गई है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी नजर में, मुझे उम्मीद है कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी।
कुछ पुलिस अधिकारी तो ऐसे भी हैं जिन्होंने उन आरोपियों के लिए मुंडू और शर्ट खरीदी। मैंने यही कहा था, कुछ पुलिस अधिकारियों को यह एहसास ही नहीं है कि सरकार बदल गई है।

