रक्षाबंधन पर छह दिन चलेंगे रोडवेज के अतिरिक्त फेरे:हापुड़ में कर्मियों की छुट्टियां रद्द, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

रक्षाबंधन पर छह दिन चलेंगे रोडवेज के अतिरिक्त फेरे:हापुड़ में कर्मियों की छुट्टियां रद्द, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

हापुड़। रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 26 से 31 अगस्त तक रोडवेज की प्रमुख मार्गों पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। यात्रियों को बसों की कमी न हो, इसके लिए रोडवेज कर्मचारियों के अवकाश भी रद्द कर दिए गए हैं। हापुड़ रोडवेज डिपो से लखनऊ, बरेली, सीतापुर, दिल्ली, नोएडा, किठौर और मोदीनगर समेत विभिन्न मार्गों पर निगम और अनुबंधित कुल 136 बसों का संचालन होता है। 28 अगस्त को रक्षाबंधन होने के कारण दूसरे शहरों में नौकरी और कारोबार करने वाले लोगों के घर लौटने के साथ बहनों के भाइयों के घर पहुंचने से यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। यात्रियों की सुविधा के लिए छह दिनों तक बसों के अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे। लगातार ड्यूटी करने वाले चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। छह दिनों में 1800 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले चालक-परिचालक को 1200 रुपये का एकमुश्त प्रोत्साहन मिलेगा। 1800 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों को प्रतिदिन ड्यूटी पर उपस्थित रहने के लिए 500 रुपये प्रतिदिन का इंसेंटिव दिया जाएगा। निगम का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को सुगम और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लक्ष्मण सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सभी प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बस फेरे संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *