CM Yogi Adityanath ने Gulab Singh Lodhi को दी श्रद्धांजलि, शहीदों की यादें सहेजेगी सरकार

CM Yogi Adityanath ने Gulab Singh Lodhi को दी श्रद्धांजलि, शहीदों की यादें सहेजेगी सरकार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की स्मृतियों को जिंदा रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी को उनकी 91वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी और भारत की आज़ादी की लड़ाई में उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। उन्होंने लोधी द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान तिरंगा फहराये जाने के स्थान अमीनाबाद के झंडेवाला पार्क में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की यादों को जिंदा रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने सम्मान के तौर पर उन्नाव में एक पार्क, स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस प्रशिक्षण कॉलेज का नाम गुलाब सिंह लोधी के नाम पर रखा है। आदित्यनाथ ने अन्य स्वतंत्रता सेनानियों और समाज सुधारकों को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में एक स्टेडियम और बदायूं में एक नई पीएसी वाहिनी का नाम वीरांगना अवंती बाई लोधी के नाम पर रखा गया है, जबकि लखनऊ में एक महिला पीएसी वाहिनी का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्मारक बनाने और स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की यादों को संजोने का अपना कार्यक्रम जारी रखेगी। आदित्यनाथ ने कहा, गुलाब सिंह लोधी ने ब्रिटिश सरकार को चुनौती दी और केवल 32 साल की उम्र में इसी पार्क में तिरंगा फहराया, जो उस समय भारत की आजादी का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश अधिकारियों ने लोधी की बहादुरी के लिए उन पर गोली चला दी और वह शहीद हो गए, लेकिन इस स्वतंत्रता सेनानी ने आने वाली पीढ़ियों के लिए भारत की आजादी की लड़ाई का एक सुनहरा अध्याय लिख दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *