West Bengal : बंगाल में रहना है तो गाना होगा वंदे मातरम्, राष्ट्रवाद पर नहीं होगा समझौता: CM शुभेन्दु अधिकारी

West Bengal : बंगाल में रहना है तो गाना होगा वंदे मातरम्, राष्ट्रवाद पर नहीं होगा समझौता: CM शुभेन्दु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि राज्य में रहने वाले हर व्यक्ति को वंदे मातरम् गाना होगा। उन्होंने राष्ट्रवाद और देशभक्ति के मुद्दे पर किसी भी तरह के समझौते से इनकार करते हुए जादवपुर विश्वविद्यालय के कथित राष्ट्र विरोधी तत्वों पर भी निशाना साधा। 

CM Suvendu Adhikari : कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि राज्य में रहने वाले हर व्यक्ति को वंदे मातरम् गाना होगा और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों की एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद कथित राष्ट्र विरोधी तत्वों को लेकर उन पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में रहने वाले हर व्यक्ति को वंदे मातरम् गाना ही होगा। यह मुख्यमंत्री राष्ट्रवाद और देशभक्ति के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगा।

‘टुकड़े-टुकड़े गैंग और जेहादियों पर साधा निशाना’

सीएम ने आरोप लगाया कि जादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया, राज्य के शिक्षा विभाग के अधिकारियों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया और वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने की अनुमति भी नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि टुकड़े-टुकड़े गैंग और जिहादी तत्व विश्वविद्यालय में वंदे मातरम् गाने तथा गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस मनाने का विरोध करते हैं।

शुभेन्दु अधिकारी ने कहा, मीडिया का एक वर्ग राष्ट्र-विरोधी लोगों के समर्थन में चाहे जो भी लिखे, हम जादवपुर विश्वविद्यालय के अंदर और बाहर राष्ट्रवाद को स्थापित करके रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पूरा करने के लिए बनी है और जोर दिया कि जादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रवाद, भारतीय और सनातन संस्कृति की झलक दिखनी चाहिए।

पिछली सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर राजनीतिक आधार पर महिलाओं को लक्ष्मी भंडार योजना के लाभ से वंचित करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जिन इलाकों में भाजपा को चुनावी जीत मिली थी, वहां कई भाजपा समर्थक महिलाओं को कथित तौर पर योजना के लाभ से वंचित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को अब प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र महिलाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर योजना में शामिल किया जाएगा। हाल के दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों में महिलाओं के विरोध-प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि दबाव, धमकी या मीडिया के जरिए सरकार को झुकाया नहीं जा सकता।

यूनिवर्सिटी कैंपस में भारी तनाव

गौरतलब है कि बीते दिनों जाधवपुर यूनिवर्सिटी में वामपंथी छात्र संगठनों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुई थीं। इसके बाद से ही कैंपस में विरोध प्रदर्शनों और रैलियों का दौर जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *