भास्कर न्यूज | जालंधर नॉर्थ हलके में विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शनिवार को वार्ड नंबर 79 के संजय गांधी नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान हलका इंचार्ज व मेयर वनीत धीर के दिशा-निर्देशों पर चलाया गया, जिसके तहत इलाके में कूड़े की लिफ्टिंग करवाई गई। अभियान के दौरान संजय गांधी नगर गुरुद्वारा साहिब के पास लंबे समय से पड़े कचरे के ढेर हटाए गए। सफाई के बाद क्षेत्र में जमा कूड़ा उठाए जाने से आसपास के निवासियों को राहत मिली और स्थान की स्वच्छता में सुधार दर्ज किया गया। सुखदीप सिंह रंधावा ने कहा कि वनीत धीर के हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी संभालने के बाद नॉर्थ हलके में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में गति आई है और जनसमस्याओं का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कूड़ा लिफ्टिंग के साथ-साथ सीवरेज, सड़कें और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी बुनियादी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

