कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में शनिवार रात 9 हफ्ता वसूली के विरोध पर मां-बेटे पर हमला किया गया। जेके चौराहे पर सब्जी बेच रहे मां-बेटे को आधा दर्जन युवकों ने बांस, लाठी-डंडों और ईंट से पीटा। हमले में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मां के साथ भी मारपीट की गई। वहीं, बेटे की हालत गंभीर देख रात 10:30 बजे हैलट ररेफ़र कर दिया। तिवारीपुर बगिया निवासी पुष्पा देवी और उनके बेटे शिवम कुमार पिछले करीब एक महीने से जेके फ्लाईओवर के नीचे सब्जी की दुकान लगाते हैं। शनिवार रात करीब 9 बजे दोनों दुकान पर मौजूद थे, तभी आधा दर्जन युवक वहां पहुंचे और उनसे हफ्ता वसूली की मांग करने लगे। पीड़ितों के मुताबिक, रकम देने से इनकार करने पर आरोपी भड़क गए। दबंगों ने शिवम को घेरकर बांस और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद ईंट से भी वार किए गए, जिससे शिवम जमीन पर गिर पड़ा। बेटे को बचाने आईं पुष्पा देवी को भी आरोपियों ने पीटा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से भाग निकले। मारपीट के दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में कुछ युवक मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। शिवम की हालत गंभीर होने के कारण उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि पुष्पा देवी का भी उपचार कराया गया। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

