भोपाल से सीहोर होते हुए इंदौर जाने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। कुबेरेश्वर धाम में 25 अगस्त को प्रस्तावित कांवड़ यात्रा को देखते हुए यातायात पुलिस ने 23 अगस्त की सुबह 9 बजे से 25 अगस्त की रात करीब 8 बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। इस दौरान सीहोर मार्ग पर भारी वाहनों का डायवर्जन रहेगा। भोपाल से इंदौर जाने वाले सभी भारी वाहनों को ब्यावरा के रास्ते भेजा जाएगा। इसी तरह इंदौर से भोपाल आने वाले भारी वाहनों को भी इंदौर-ब्यावरा-भोपाल मार्ग का उपयोग करना होगा। यातायात दबाव बढ़ने पर चार पहिया वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा सकता है। 25 अगस्त को कुबेरेश्वर धाम में पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा प्रस्तावित कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा सीहोर क्षेत्र से होकर गुजरेगी। इसे देखते हुए मुख्य भोपाल-इंदौर मार्ग पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यात्रा की योजना बनाते समय 1.5 से 2 घंटे का अतिरिक्त समय रखने की अपील की है। साथ ही संभव हो तो सीहोर और देवास के मुख्य मार्गों से बचने और प्रशासन की ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है। किसी असुविधा की स्थिति में यातायात पुलिस के नंबर 0755-2677340 और 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।

