Surat News: चलती ट्रेन में मोबाइल लूटने की कोशिश, यात्री नीचे गिरा; पहिए की चपेट में आने से कटा पैर

Surat News: चलती ट्रेन में मोबाइल लूटने की कोशिश, यात्री नीचे गिरा; पहिए की चपेट में आने से कटा पैर

सूरत। भरूच में चलती ट्रेन में यात्रियों को निशाना बनाने की सनसनीखेज घटना की स्याही अभी सूखी भी नहीं थी कि उधना रेलवे स्टेशन के पास भी बिल्कुल वैसी ही रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। मुंबई से अमृतसर जा रही पश्चिम एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का मोबाइल छीनने के चक्कर में बदमाशों ने उसे चलती ट्रेन से नीचे गिरा दिया, जिससे पहिए की चपेट में आने से यात्री का पैर कट गया।

रेल महकमे में हड़कंप मचा

इस भयावह हादसे के बाद पूरे रेल महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि सूरत रेलवे पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) और एसओजी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैर-इरादतन हत्या के प्रयास के इस मामले को सुलझा लिया है और एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को धर दबोचा है। जानकारी के अनुसार गत 18 अगस्त को फरियादी यात्री पश्चिम एक्सप्रेस के जनरल कोच के दरवाजे पर बैठकर अपने मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था। जैसे ही ट्रेन उधना रेलवे स्टेशन के समीप डिंडोली दरवाजे के पास धीमी हुई, वहां घात लगाए बैठे 3-4 बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया।

ट्रेन से कटा पैर

इस अचानक हुए हमले में संतुलन बिगड़ने के कारण यात्री चलती ट्रेन से नीचे ट्रैक पर गिर पड़ा और ट्रेन के पहिए की चपेट में आने से उसका पैर कट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल यात्री को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। सूरत रेलवे पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 110, 115(2), 304(2) और 54 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले

घटना की गंभीरता को देखते हुए वडोदरा रेलवे पुलिस अधीक्षक अभय सोनी ने एलसीबी और एसओजी टीमों को त्वरित जांच के आदेश दिए। एलसीबी के कार्यवाहक पीआइ एमपी पंड्या के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा ह्युमन इंटेलिजेंस का सहारा लिया।

हेड कांस्टेबल प्रकाश तेजाभाई और मेहुल वशरामभाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सूरज पृथ्वीलाल सोनी (18, निवासी डिंडोली, मूल निवासी प्रयागराज, यूपी), हर्षित उर्फ जाडियो प्रमोद चौबे (18, निवासी गोडादरा, मूल निवासी सिवान, बिहार) और एक 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पीड़ित यात्री से छीना मोबाइल 20,000 रुपए में आगे बेच दिया था, पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया है। गौरतलब है कि पानोली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर मोबाइल छीनने के चलते एक यात्री पटरियों पर गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *