बदायूं के सहसवान थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीय छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक छात्र मंगलवार शाम को स्कूल से आने के बाद अपने दोस्तों से मिलने गांव के बाहर स्थित एक खोखे पर गया था। इसके लगभग पांच घंटे बाद उसका शव गांव के बाहर सरकारी ट्यूबवेल नंबर 102 के पास संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था छात्र मृतक छात्र की पहचान 12 वर्षीय शैलेश पुत्र शैतान सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वाजीरपुर गांव का रहने वाला था। शैलेश अपनी मां उमेश के साथ मुजरिया थाना क्षेत्र के शेखनगला गांव में स्थित अपनी ननिहाल में रहता था। वह कस्बा मुजरिया के एक स्कूल में कक्षा 5 का छात्र था। 3 घंटे तक घर नहीं लौटा तो शुरू हुई तलाश परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम को शैलेश स्कूल से लौटने के बाद गांव के बाहर दोस्तों से मिलने की बात कहकर निकला था। जब वह दो से तीन घंटे बीत जाने के बाद भी घर नहीं पहुंचा, तो ननिहाल वालों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद देर रात करीब 10 बजे उसका शव सरकारी ट्यूबवेल के पास पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

