खरगोन। बीएससी नर्सिंग और जीएनएम डिप्लोमा छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को सातवें दिन भी जारी रहा। लंबित परीक्षाएं कराने और डिग्री-डिप्लोमा पूरा कराने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को अब कांग्रेस का समर्थन मिल गया है। शनिवार दोपहर 2 बजे पूर्व विधायक रवि जोशी धरना स्थल पर पहुंचे और छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए उनके संघर्ष में साथ देने का भरोसा दिलाया। रवि जोशी ने दिया हर मंच पर साथ का भरोसा पूर्व विधायक रवि जोशी ने कहा कि नर्सिंग छात्रों की मांगें जायज हैं और कांग्रेस इस मुद्दे पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में पायलट गन के छर्रे लगने से घायल छात्र की लड़ाई भी लड़ चुकी है और इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसी तरह नर्सिंग छात्रों की समस्या को लेकर भी कांग्रेस हर मंच पर उनकी आवाज उठाएगी। छह साल बाद भी पूरी नहीं हुई बीएससी नर्सिंग डिग्री छात्रों ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में कॉलेजों को मान्यता प्राप्त मानकर बीएससी नर्सिंग में प्रवेश लिया था। चार साल में पूरी होने वाली डिग्री अब छह साल बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। छात्रों का कहना है कि उनकी पढ़ाई पूरी होने के बावजूद परीक्षाएं समय पर नहीं होने से वे लगातार परेशान हैं। जीएनएम छात्र तीन साल से परीक्षा का इंतजार कर रहे जीएनएम डिप्लोमा छात्रों ने बताया कि वे पिछले तीन साल से अपनी परीक्षा और डिप्लोमा का इंतजार कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज, यूनिवर्सिटी और शासन स्तर पर हुई गड़बड़ियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। इसके कारण उनका समय और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। छात्र बोले- विवाद नहीं, सिर्फ परीक्षा और डिग्री चाहिए बीएससी नर्सिंग थर्ड ईयर के छात्र सचिन रंधावा, सावन सोलंकी, रवीना और आंचल ने कहा कि वे किसी तरह के विवाद में नहीं पड़ना चाहते। उनकी मुख्य मांग लंबित परीक्षाएं समय पर कराना और बीएससी नर्सिंग की डिग्री पूरी कराना है। छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी पढ़ाई पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। कई नेता पहले ही दे चुके हैं समर्थन छात्रों के आंदोलन को पिछले छह दिनों में कई नेताओं का समर्थन मिल चुका है। एसडीएम सत्येंद्र बैरवा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि नाईक, पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ और भगवानपुरा विधायक केदार सिंह डाबर धरना स्थल पर पहुंचकर छात्रों से मुलाकात कर चुके हैं और उनकी मांगों को समर्थन दिया है। सांसद के नहीं पहुंचने पर कार्यालय का घेराव शुक्रवार को सांसद गजेंद्र पटेल के धरना स्थल पर नहीं पहुंचने से छात्रों में नाराजगी देखने को मिली थी। छात्रों ने सांसद के कार्यालय का घेराव कर अपनी नाराजगी जताई थी। छात्रों का कहना है कि वे लगातार अपनी मांगों को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सामने बात रख रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

