चित्तौड़गढ़ जिला जेल एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है। कुछ दिन पहले अजय राज हत्याकांड के आरोपियों का जेल के अंदर पार्टी करते हुए वीडियो सामने आया था। उस मामले में चार जेल कर्मचारियों को निलंबित किया गया। वहीं जिला जेल के उप अधीक्षक का भी ट्रांसफर कर दिया गया। उस कार्रवाई के बाद उम्मीद थी कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगेगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ, इस बार जेल की ऊंची दीवार के ऊपर से एक पार्सल फेंका गया और वह सीधे कैदियों तक पहुंच गया। उस पार्सल में तंबाकू बरामद हुई है। किसने मंगवाया और किसाने उठाया पार्सल जेल प्रशासन की ओर से कोतवाली थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार 20 अगस्त की सुबह करीब 9.50 बजे वार्ड-बी के पीछे मैनवॉल के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाहर से एक पार्सल जेल के अंदर फेंका। अगले दिन यानी 21 अगस्त को वार्ड में ड्यूटी पर तैनात प्रहरी चंद्रप्रकाश को दो बंदियों के पास निषिद्ध सामग्री होने की जानकारी मिली। इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। इसके बाद जेल अधिकारियों ने संबंधित बंदियों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि पार्सल बंदी अस्मित राठौड़ ने बाहर से मंगवाया था। उसके कहने पर वार्ड-बी में बंद शाहरुख उर्फ दाढ़ी ने जाकर पार्सल उठाया। इसके बाद बंदी साजिद उर्फ राजू की निशानदेही पर बंदी आमिर खान के बैग की तलाशी ली गई। जिसमें पन्नी में रखी खुली तंबाकू बरामद हुई। जेल प्रशासन ने तंबाकू जब्त कर उसकी फर्द तैयार की और पूरी रिपोर्ट के साथ कोतवाली थाने भेज दी। जिसके बाद कोतवाली थाने में शुक्रवार रात को मामला दर्ज किया गया। लगातार सामने आ रहे मामले चित्तौड़गढ़ जिला जेल में पिछले कुछ समय से लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। जिनसे सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर पड़ रहा है। पहले पार्टी का वीडियो सामने आया, फिर कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई और अब निषिद्ध सामग्री जेल के अंदर पहुंचने का मामला सामने आ गया। सिर्फ अधिकारियों के तबादले और कर्मचारियों के निलंबन से व्यवस्था नहीं सुधर रही। वहीं इससे पहले के हुए मामले दर्ज में भी पुलिस जांच भी पूरी नहीं की गई। ना ही अधिकारियों की मिलीभगत को उजागर किया गया।

