बलरामपुर में पिकअप-ट्रक में भिड़ंत, 3 की मौत, 7 घायल:मजदूरों से भरी पिकअप तेज रफ्तार में ट्रक से टकराई, घायल अंबिकापुर रेफर

बलरामपुर में पिकअप-ट्रक में भिड़ंत, 3 की मौत, 7 घायल:मजदूरों से भरी पिकअप तेज रफ्तार में ट्रक से टकराई, घायल अंबिकापुर रेफर

बलरामपुर जिले के सेवारी में बीती रात करीब 2 बजे मजदूरों से भरी पिकअप तेज रफ्तार में बाक्साइट लोड से जा टकराई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई एवं 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घटना राजपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले से टमाटर की खेती के लिए 10 मजदूर शंकरगढ़ जाने के लिए निकले थे। सभी पिकअप में सवार थे। राजपुर-कुसमी मार्ग में सेवारी के पास तेज रफ्तार में पिकअप वाहन बाक्साइट लोड कर आ रही ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में पिकअप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पिकपअ में सवार सभी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। 3 मजदूरों की मौत, 7 अंबिकापुर रेफर घटना की सूचना पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायलों में तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया। तीनों के सिर एवं सीने में गंभीर चोटें आई थीं। अन्य घायलों में 7 को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मृतक मजदूरों में रान साय (34 वर्ष), उदय कुमार (25 वर्ष), अमर साय (35 वर्ष) शामिल हैं। जिन मजदूरों को अंबिकापुर रेफर किया गया है, उनमें देव कुमार (34 वर्ष), भानू (32 वर्ष), अमर साय (40 वर्ष), लक्ष्मण (30 वर्ष), अजय कुमार (40 वर्ष), राय सिंह (38 वर्ष) और प्रदीप (34 वर्ष) शामिल हैं। हादसे की वजह तेज रफ्तार बताया गया है। हादसे बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने गाड़ियों को किनारे करा मार्ग में आवागमन चालू कराया। राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि सभी मजदूर सूरजपुर जिले के ग्राम नरोला के निवासी हैं। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। मृतकों के परिजन सुबह राजपुर पहुंचे। जिन घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में दाखिल किया गया है, उनमें कम से कम चार की हालत गंभीर बताई गई है। सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। प्रतिबंध फिर भी मालवाहकों से ढोये जा रहे मजदूर मालवाहकों से लोगों का परिवहन प्रतिबंधित किया गया है, लेकिन इसके बावजूद मजदूरों को माहवाहकों से ढोया जा रहा है। इससे लगातार हादसे हो रहे हैं। खेती के लिए मजदूरों को मालवाहकों से ही ढोया जाता है। एक माह पूर्व बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में मजदूरों से भरी पिकअप के पलट जाने से तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। ये सभी मजदूर रोपा लगाकर लौट रहे थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *