कार हादसे में बाल-बाल बचे अभिनेता अर्जुन बिजलानी का आया पहला रिएक्शन, वीडियो शेयर कर दी जानकारी

कार हादसे में बाल-बाल बचे अभिनेता अर्जुन बिजलानी का आया पहला रिएक्शन, वीडियो शेयर कर दी जानकारी

Arjun Bijlani on meets with Car Accident: टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) के एक्सीडेंट की खबर जैसे ही सामने आई हर कोई हैरान रह गया। उनके फैंस एक्टर के लिए दुआ करने लगे थे। पहले कहा जा रहा था कि एक्सीडेंट काफी बड़ा था जिसमें उनकी जान बाल-बाल बची। पहले उनकी टीम ने और अब खुद अर्जुन बिजलानी ने एक वीडियो जारी किया है और अपने परेशान हो रहे फैंस को हेल्थ अपडेट दी है और बताया है कि वह सुरक्षित हैं। 

अर्जुन बिजलानी ने दी हेल्थ अपडेट

जानकारी के अनुसार, अर्जुन बिजलानी गुरुवार को अपनी आगामी बहुचर्चित नेटफ्लिक्स सीरीज ‘चुंबक कॉलोनी’ के प्रमोशन और शूटिंग के सिलसिले में बाहर थे। जब वह प्रमोशन खत्म करके वापस लौट रहे थे, तभी मुंबई में उनका एक्सीडेंट हुआ था। अब उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर बताया कि वह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है।

अर्जुन ने वीडियो में कहा, “दोस्तों, मैं बिल्कुल ठीक हूं। मैं अपने उन दोस्तों और परिवार को धन्यवाद देना चाहता हूं, जो मुझे फोन करके मेरा हालचाल पूछ रहे हैं। मैं सुरक्षित हूं और ठीक हूं।”

अर्जुन ने आगे सही जानकारी देते हुए दुर्घटना को मामूली बताया और कहा कि उन्हें नहीं उनकी कार को थोड़ा नुकसान पहुंचा है और अब उसकी मरम्मत करानी होगी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “गाड़ी की मरम्मत तो करानी ही पड़ेगी, लेकिन चिंता मत करो, मेरे पास बीमा है।” वीडियो के आखिर में उन्होंने फैंस को उनके प्यार और चिंता के लिए धन्यवाद दिया और अपना ख्याल रखने की अपील की। 

प्रमोशन से लौटते वक्त हुआ हादसा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्जुन बिजलानी अपनी आगामी सीरीज ‘चुंबक कॉलोनी’ के प्रमोशन के लिए ‘इंडियन गेम शो’ के सेट पर पहुंचे थे। यह शो भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया होस्ट करते हैं। प्रमोशनल शूट पूरा करने के बाद जब अर्जुन वापस लौट रहे थे, तभी उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद उनकी टीम ने भी बयान जारी कर एक्टर और उनके साथ यात्रा कर रहे लोगों के सुरक्षित होने की पुष्टि की थी। 

टीम ने बताया कि घटना से थोड़ी चिंता जरूर पैदा हुई, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई। अर्जुन की हालत ठीक है और वह अपने काम पर लौटने की तैयारी कर रहे हैं। 

‘चुंबक कॉलोनी’ से कर रहे ओटीटी डेब्यू

अर्जुन बिजलानी अब नेटफ्लिक्स की फैमिली कॉमेडी सीरीज ‘चुंबक कॉलोनी’ में नजर आएंगे। यह सीरीज ‘सरभाई वर्सेस सरभाई’ के निर्माता आतिश कपाड़िया ने बनाई है। इसमें अर्जुन के साथ नीना गुप्ता, देवेन भोजानी, हेली शाह और मानसी पारेख जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे। सीरीज का प्रीमियर 28 अगस्त 2026 को होना है। 

अर्जुन ने इससे पहले टेलीविजन पर लंबे समय तक काम किया है और कई रियलिटी शोज का हिस्सा रह चुके हैं। उन्हें हाल ही में ‘लाफ्टर शेफ्स- अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट’ सीजन 3 में देखा गया था। शो में उन्होंने बतौर कंटेस्टेंट हिस्सा लिया और बाद में भारती सिंह की गैरमौजूदगी में कुछ एपिसोड होस्ट भी किए।

अक्टूबर 2025 में अर्जुन ‘राइज एंड फॉल’ के विजेता भी बने थे। अब वह टेलीविजन के साथ ओटीटी पर भी अपनी पहचान बनाने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल, हादसे के बाद उनके फैंस ने राहत की सांस ली है और सोशल मीडिया पर उनके जल्द पूरी तरह काम पर लौटने की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *