महोबा में मंत्री कृष्णा पासवान की जुबान फिसली:बोलीं- बच्चों का भविष्य खराब कर रही पीडीए सरकार; सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

महोबा में मंत्री कृष्णा पासवान की जुबान फिसली:बोलीं- बच्चों का भविष्य खराब कर रही पीडीए सरकार; सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश की पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री कृष्णा पासवान शुक्रवार शाम महोबा पहुंचीं। यहां उन्होंने करीब दो घंटे तक विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप योजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के बाद भाजपा विधायक राकेश गोस्वामी के आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। विपक्ष पर हमला बोलते हुए मंत्री पासवान की इस दौरान जुबान फिसल गई। कांग्रेस पर छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होकर उनका भविष्य खराब करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने गलती से कह दिया कि “बच्चों का भविष्य खराब करने का काम यह पीडीए सरकार कर रही है।” उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद यह चर्चा का विषय बन गया। दो घंटे चली विभागीय समीक्षा बैठक राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने महोबा पहुंचकर विभागीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचे। उन्होंने कहा कि अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप तेजी से काम करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अखिलेश सरकार पर बिजली-पानी को लेकर बोला हमला समीक्षा बैठक के बाद मंत्री भाजपा विधायक राकेश गोस्वामी के आवास पहुंचीं। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। अखिलेश यादव की ओर से प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि वह वर्ष 2002 से विधायक हैं और उन्होंने सपा शासन का दौर भी देखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय प्रदेश में बिजली और पानी की स्थिति खराब थी। उनके मुताबिक, उस दौर में सप्ताह में 10-15 मिनट बिजली मिलना भी लोगों के लिए बड़ी बात होती थी। मंत्री ने कहा कि वर्तमान योगी सरकार में सड़क, बिजली और पानी के साथ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह जैसी योजनाओं पर बड़े स्तर पर काम हुआ है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार के विकास कार्यों का जवाब नहीं होने के कारण विपक्ष अब केवल ‘पीडीए-पीडीए’ का नारा लगा रहा है। गड्ढों वाली सड़कें सपा-कांग्रेस के समय थीं सड़कों में गड्ढों को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि गड्ढों वाली सड़कें सपा-कांग्रेस के शासनकाल में हुआ करती थीं। उन्होंने मौजूदा सरकार में सड़कों की स्थिति बेहतर होने का दावा करते हुए कहा कि आज कानपुर से फतेहपुर और फिर प्रयागराज पहुंचने में पता ही नहीं चलता कि कब सफर पूरा हो गया। पेपर लीक पर बोलीं- तत्काल कार्रवाई हुई कांग्रेस नेता राहुल गांधी के केंद्र सरकार पर बच्चों और छात्रों की अनदेखी करने के आरोप पर मंत्री ने कहा कि मोदी और योगी सरकार युवाओं और छात्रों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं में सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और दोबारा पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं कराई गईं। मंत्री ने कांग्रेस पर छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होकर माहौल खराब करने और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। इसी दौरान सपा-कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने कहा, “बच्चों का भविष्य खराब करने का काम यह पीडीए सरकार कर रही है।” मंत्री का यह बयान विपक्ष पर निशाना साधते समय गलती से निकला बताया जा रहा है। बयान सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *