Jhansi Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा पर फूल बरसाने आया हेलीकॉप्टर, हवा के झोंके से उड़ गया चाय का ठेला, बाइक सवार गिरे, होर्डिंग फटे

Jhansi Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा पर फूल बरसाने आया हेलीकॉप्टर, हवा के झोंके से उड़ गया चाय का ठेला, बाइक सवार गिरे, होर्डिंग फटे

Jhansi Helicopter Flower Shower: झांसी में कांवड़ यात्रा के स्वागत के दौरान गुरुवार को ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने कुछ देर के लिए सड़क पर मौजूद लोगों की परेशानी बढ़ा दी। ओरछा से झांसी पहुंची कांवड़ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जा रही थी। इसी बीच हेलीकॉप्टर के काफी नीचे आने से हवा का दबाव तेज हो गया। सड़क पर मौजूद कई लोग खुद को संभाल नहीं पाए और कुछ बाइक सवार गिर पड़े।

घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि कांवड़ यात्रा और पुष्पवर्षा का वीडियो बनाने के लिए कई लोग मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान कैमरे में हेलीकॉप्टर की तेज हवा से सड़क किनारे रखे सामान के उड़ने और लोगों के गिरने का पूरा दृश्य कैद हो गया।

फूल बरसाने आया हेलीकॉप्टर, नीचे आते ही बदला माहौल

जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के ओरछा से कांवड़ यात्रा झांसी पहुंची थी। यात्रियों के स्वागत के लिए हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जा रहे थे। इसी दौरान हेलीकॉप्टर काफी नीचे उड़ता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हेलीकॉप्टर के नीचे आने पर हवा का दबाव अचानक बढ़ गया। इसका असर सड़क पर खड़े लोगों के साथ-साथ आसपास मौजूद सामान पर भी पड़ा। कुछ बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ा और वे सड़क पर गिर गए। सड़क किनारे लगे होर्डिंग और बैनर भी तेज हवा की चपेट में आ गए। कई बैनर फट गए, जबकि टेंट और दूसरी चीजें भी इधर-उधर बिखर गईं। आसपास के पेड़ों की कुछ डालियां टूटने की बात भी सामने आई है।

हवा के झोंके से उड़ गया चाय का ठेला

इस घटना का सबसे हैरान करने वाला दृश्य चाय के ठेले से जुड़ा है। वायरल वीडियो में एक ठेला तेज हवा के दबाव में अपनी जगह से खिसकता और पीछे की ओर पलटता नजर आ रहा है। ठेले पर रखा सामान भी बिखर गया। ठेला संचालक निखिल अग्रवाल के मुताबिक, हेलीकॉप्टर काफी नीचे था और उसकी हवा के दबाव से ठेला उड़कर पीछे की तरफ गिर गया। उन्होंने बताया कि वह ठेले के ठीक बगल में थे, इसलिए बाल-बाल बच गए। उनका कहना है कि अगर ठेला सीधे उनके ऊपर गिरता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

कुछ सेकंड में सड़क पर मच गई अफरा-तफरी

स्थानीय निवासी अन्नू के मुताबिक, हेलीकॉप्टर पुष्पवर्षा के लिए आया था और काफी नीचे उड़ रहा था। इसके बाद अचानक हवा का दबाव महसूस हुआ। देखते ही देखते सड़क पर मौजूद लोगों को संभलना मुश्किल होने लगा। हवा के कारण होर्डिंग और बैनर फटने लगे, पेड़ों की डालियां हिलने लगीं और सड़क किनारे रखा सामान इधर-उधर होने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ पल के लिए पूरा माहौल ऐसा लग रहा था जैसे सड़क पर अचानक तेज आंधी आ गई हो।

रील बनाते लोगों के कैमरे में कैद हुआ पूरा नजारा

कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मोबाइल फोन से वीडियो बना रहे थे। इसी वजह से घटना के कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें हेलीकॉप्टर के नीचे उड़ने के दौरान लोगों के संतुलन बिगड़ने, बाइक सवारों के गिरने और चाय के ठेले के पलटने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हेलीकॉप्टर को सड़क के इतने करीब उड़ाए जाने के कारण हवा का दबाव ज्यादा महसूस हुआ। हालांकि, घटना के तकनीकी कारणों और हेलीकॉप्टर की वास्तविक ऊंचाई की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *