देवरिया में सामुदायिक शौचालयों के केयरटेकरों ने शुक्रवार को लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सामुदायिक शौचालय केयरटेकर एसोसिएशन के बैनर तले जिलेभर के केयरटेकर दोपहर करीब 2 बजे विकास भवन पर एकत्र हुए। यहां से जुलूस निकालकर जिलाधिकारी आवास, सिविल लाइन और कचहरी रोड स्थित शिव मंदिर होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां जिलाधिकारी के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें कई महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। भुगतान में देरी और अनियमितता के चलते उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। केयरटेकरों ने कहा कि वे लगातार सामुदायिक शौचालयों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, लेकिन समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। डीबीटी के जरिए खाते में भेजने की मांग एसोसिएशन ने प्रशासन से लंबित मानदेय का जल्द भुगतान करने की मांग की। साथ ही भविष्य में मानदेय सीधे केयरटेकरों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजने की मांग रखी गई। संगठन का कहना है कि इससे भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और समय पर राशि मिल सकेगी। बिना वजह काम से न हटाने की मांग ज्ञापन में किसी भी केयरटेकर को अनावश्यक रूप से कार्य से नहीं हटाने की मांग भी की गई। एसोसिएशन ने बताया कि केयरटेकर सामुदायिक शौचालयों के संचालन, साफ-सफाई और रखरखाव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके मानदेय का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। केयरटेकरों ने प्रशासन से संबंधित अधिकारियों को लंबित भुगतान के निस्तारण के लिए समयबद्ध निर्देश जारी करने की मांग की। संगठन ने पूरे मामले में जल्द कार्रवाई कर बकाया मानदेय दिलाने का आग्रह किया।

