India vs Brazil friendly match: साल्ट लेक स्टेडियम का ब्राजील डेलिगेशन ने किया निरीक्षण, सुविधाओं को लेकर जताई गंभीर चिंता

India vs Brazil friendly match: साल्ट लेक स्टेडियम का ब्राजील डेलिगेशन ने किया निरीक्षण, सुविधाओं को लेकर जताई गंभीर चिंता

India vs Brazil friendly Match: भारत और ब्राजील के बीच 3 अक्टूबर से होने वाले फ्रेंडली मैच से पहले गुरुवार को ब्राजीलियन फुटबॉल कॉन्फेडरेशन (CBF) के एक दल ने कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम (जो अब विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन के नाम से जाना जाता है) का निरीक्षण किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सात सदस्यों वाली इस टीम ने स्टेडियम की पिच और कॉम्प्लेक्स में मौजूद ट्रेनिंग सुविधाओं को लेकर गंभीर चिंताएं जताईं।

चोटिल हो सकते हैं ब्राज़ील के खिलाड़ी

‘द टेलीग्राफ’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, “CBF के प्रतिनिधियों ने ग्राउंड स्टाफ से बात की और समझाया कि घास की डेंसिटी बढ़ानी होगी, वरना विनीसियस जूनियर और उनके साथियों के चोटिल होने का बहुत ज्यादा खतरा है।” सूत्र ने आगे बताया कि दल को जानकारी दी गई कि इस वेन्यू पर डूरंड कप के कुछ मैच होने के बाद हालात और खराब हो गए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि कॉन्फेडरेशन के अधिकारियों ने ड्रेसिंग रूम और साफ-सफाई की सुविधाओं का भी जायजा लिया और होटल में ठहरने की योजना से वे संतुष्ट थे।

फ्रेंडली मैच की जमकर हो रही आलोचना

भारत के एक तय ASEAN टूर्नामेंट के बजाय पांच बार की वर्ल्ड कप विजेता टीम के खिलाफ फ्रेंडली मैच को प्राथमिकता देने के फैसले की आलोचना हो रही है। भारत ने शुरू में नए टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए FIFA का निमंत्रण स्वीकार किया था और बाद में उसे इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर के साथ डिवीजन 1 ग्रुप A में रखा गया था।

बाइचुंग भूटिया की अपील

इसी बीच भारत के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया ने भारतीय फुटबॉल फैन्स से अपील की है कि वे भारत और ब्राजील के बीच होने वाले फ्रेंडली मैच का बहिष्कार करें। उन्होंने 90 मिनट के एक मैच पर इतनी बड़ी रकम खर्च करने की अहमियत पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि इस पैसे का इस्तेमाल बंगाल में फुटबॉल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और खिलाड़ियों की मदद करने में किया जा सकता है।

AIFF द्वारा शेड्यूल में टकराव के कारण भारत को पहले FIFA ASEAN कप से हटाने के बाद, ब्राजील का मुकाबला 3 अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में भारत से होना तय हुआ है। ‘420 ग्राम्स’ से बात करते हुए भूटिया ने कहा कि इस फ्रेंडली मैच पर होने वाले प्रस्तावित खर्च को खेलों के दीर्घकालिक विकास में लगाना ज्यादा बेहतर होगा।

50 से 70 करोड़ रुपये ब्राजील जा रहे हैं

भूटिया ने कहा, “अगर 90 मिनट के एक मैच के लिए 50 से 70 करोड़ रुपये ब्राजील जा रहे हैं, तो बदले में हमें क्या मिल रहा है? शायद 90 मिनट का मनोरंजन।” भूटिया ने आगे कहा, “मुझे उम्मीद है कि बंगाल सरकार इतनी समझदार बनेगी कि उसे एहसास हो जाए कि कल्याण चौबे उन्हें गुमराह कर रहे हैं। अगर बंगाल सरकार इस मैच के लिए पैसे देने या पैसे जुटाने की कोशिश करने जा रही है, तो कृपया यह पैसा कॉमनवेल्थ गेम्स में बंगाल के अगले कुछ गोल्ड मेडलिस्ट तैयार करने के लिए जुटाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *