रूस की बड़ी कार्रवाई, यूक्रेन के लिए जासूसी और हमले की साजिश के आरोप में 9 गिरफ्तार

रूस की बड़ी कार्रवाई, यूक्रेन के लिए जासूसी और हमले की साजिश के आरोप में 9 गिरफ्तार

Russian authorities arrested nine people: रूस ने यूक्रेन के लिए जासूसी और हमले की साजिश रचने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। रूसी सरकारी समाचार एजेंसियों के मुताबिक, इनमें से आठ लोगों पर मॉस्को क्षेत्र में एक रणनीतिक रक्षा प्रतिष्ठान पर ड्रोन से हमला करने की योजना बनाने का आरोप है। वहीं, एक विदेशी नागरिक को सरकारी इमारतों और रणनीतिक बुनियादी ढांचे की रेकी करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।

सरकारी समाचार एजेंसी TASS ने रूस की संघीय सुरक्षा सेवा के हवाले से बताया कि आठ संदिग्धों के पास 35 ड्रोन मिले थे। आरोप है कि इन ड्रोन में विस्फोटक लगाए गए थे और इन्हें यूरोपीय संघ से तस्करी के जरिए रूस लाया गया था। FSB के अनुसार, इन ड्रोन का इस्तेमाल मॉस्को क्षेत्र में स्थित एक रणनीतिक रक्षा प्रतिष्ठान को निशाना बनाने के लिए किया जाना था।

मुरमान्स्क में विदेशी नागरिक गिरफ्तार

एक अलग कार्रवाई में रूस के उत्तर-पश्चिमी मुरमान्स्क क्षेत्र में एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया। RIA समाचार एजेंसी के अनुसार, यह व्यक्ति नॉर्वे की सीमा पार करने की तैयारी कर रहा था। रूसी सुरक्षा एजेंसी का आरोप है कि संदिग्ध ने मॉस्को के एक रेलवे स्टेशन पर पेट्रोलियम उत्पाद ले जाने वाली ट्रेनों की रेकी की थी। इसके अलावा उसने रूसी राजधानी में स्थित प्रशासनिक इमारतों की भी जानकारी जुटाई थी।

रूस ने यूक्रेनी एजेंसियों से जुड़ा होने का लगाया आरोप

रूसी सरकारी एजेंसियों ने दावा किया है कि गिरफ्तार किए गए सभी नौ लोग यूक्रेनी विशेष सेवाओं के लिए काम कर रहे थे। रूस में यूक्रेन के लिए जासूसी करने या तोड़फोड़ की साजिश रचने के आरोप में संदिग्धों की गिरफ्तारी की खबरें पहले भी सामने आती रही हैं।

हालांकि, इन ताजा गिरफ्तारियों को लेकर यूक्रेन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जासूसी, तोड़फोड़ और हमलों की साजिश के आरोप लगाते रहे हैं।

आपको बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष 2022 से शुरू हुआ था। चार से बीतने के बावजूद दोनों देशों के बीच तनाव खत्म नहीं हुआ है। दोनों देश एक दूसरे के सैन्य और बुनियादी ढांचों को निशाना बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *