भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा मिलावटखोरी एवं खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।इसी के तहत गुरुवार को भीलवाड़ा शहर में टीम ने रिको एरिया में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में खराब खाद्य तेल और बेकरी प्रोडक्ट फिंकवाए। खराब तेल और बेकरी प्रोडक्ट फिंकवाए सीएमएचओ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि विभागीय टीम ने रिको एरिया में मैसर्स निकिता फूड प्रोडक्ट्स से नमकीन का सैंपल लिया और मौके पर लगभग 50 लीटर खराब तेल फिंकवाया।दूसरी कार्रवाई मैसर्स सुखवाल बेकरी, रीको एरिया से करते हुए यहां से बिस्किट का नमूना लिया और लगभग 20 किलो बेकरी प्रोडक्ट मौके पर ही नष्ट करवाए। जांच के लिए सैंपल अजमेर भिजवाए इसके बाद टीम ने मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भण्डार, मीरा सर्किल, भीलवाड़ा से पेड़े का सैंपल लिया। इन सभी सैंपल को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है।कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, साक्षी जैन व एफएसओ नीरज मीणा मौजूद रहे। जिले भर में कार्रवाई जारी रहेगी सीएमएचओ शर्मा ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जनस्वास्थ्य के हित में जांच एवं कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

