पंचकूला जिला पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत एक शातिर चोर को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो बाइकें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशों पर की गई। डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि 17 अगस्त को न्यू चंडीगढ़, पंजाब के एक निवासी ने थाना चंडीमंदिर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बाइक सेक्टर-23 स्थित पारस हॉस्पिटल की पार्किंग से चोरी हो गई थी। इस शिकायत के आधार पर थाना चंडीमंदिर में वाहन चोरी का मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने किया खुलासा एसएचओ रामपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और 19 अगस्त को आरोपी भवानी सिंह, निवासी जिला यमुनानगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने 17 अगस्त को ही मोगीनंद क्षेत्र से एक और बाइक चोरी की थी। वह दोनों चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों बाइकें बरामद कर ली हैं। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

