Easy Cooking Tips:  घर पर ऐसे बनाएं रेस्टोरेंट जैसी दाल, जानें शेफ से शाही दाल तड़का और दाल फ्राई के सीक्रेट्स

Easy Cooking Tips:  घर पर ऐसे बनाएं रेस्टोरेंट जैसी दाल, जानें शेफ से शाही दाल तड़का और दाल फ्राई के सीक्रेट्स

Dhaba Style Dal Fry Recipe: दाल और सब्जी के बिना भारतीय खाने अधूरे लगते हैं, लेकिन रोजाना वही सिंपल दाल और सब्जी खाने का मन नहीं करता है। ऐसे में आप सिंपल खाने को भी अच्छा सा तड़का लगाकर उसका स्वाद बढ़ा सकते हैं। अगर आप रोजाना की बोरिंग दाल को नया ट्विस्ट देना चाहते हैं तो यहां बताई गई विधि से शाही दाल तड़का और ढाबे स्टाइल दाल तड़का बना सकते हैं।

शाही दाल तड़का बनाने के सीक्रेट टिप्स

शाही दाल तड़का बनाने के लिए सबसे पहले प्रेशर कुकर में घी गर्म करके जीरा और मेथी दाना डालकर तड़का लगाएं। इसके बाद तूर दाल और हरी मूंग दाल के साथ लहसुन, नमक, हींग, हल्दी और पानी डालकर 3 से 4 सीटी आने तक पकाएं। जब तक दाल पक रही है, तब तक अदरक, लहसुन, धनिया की डंडी, सरसों का तेल, हरी मिर्च, धनिया, लौंग, बड़ी इलायची, जीरा, काली मिर्च और देगी लाल मिर्च को पीसकर बारीक पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट को दही के साथ मिलाकर अलग रख दें।

अब सूखी कश्मीरी लाल मिर्च को तेल में कुरकुरा होने तक तलकर निकाल लें। तड़का तैयार करने के लिए उसी तेल में जीरा, प्याज, हींग और नमक डालकर भूनें। इसके बाद देगी लाल मिर्च, बादाम, काजू और किशमिश डालकर पकाएं और थोड़ा पानी डालकर एक उबाल दें। अब एक हांडी में घी गर्म करके तैयार दही और मसाले के मिश्रण को तब तक भूनें, जब तक मसाला अच्छी तरह पक न जाए और तेल अलग न होने लगे। इसमें पानी, पकी हुई दाल, गर्म पानी, नमक और थोड़ा घी डालकर 12 से 15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। आखिर में तैयार शाही तड़का डालकर अच्छी तरह मिलाएं और एक उबाल आने दें।

ढाबे जैसी दाल फ्राई बनाने की विधि

दाल फ्राई बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल, उड़द दाल और चना दाल को अच्छी तरह धोकर करीब आधे घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद दाल में करीब तीन गुना पानी, स्वादानुसार नमक और थोड़ी हल्दी डालकर प्रेशर कुकर में 4 सीटी आने तक पकाएं। फिर धीमी आंच पर करीब 5 मिनट तक पकने दें। अब एक कड़ाही में घी गर्म करें। इसमें जीरा डालकर चटकाएं। फिर बारीक कटा अदरक और हरी मिर्च डालें। इसके बाद कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और थोड़ी हींग डालकर तुरंत कटा हुआ प्याज डालें। नमक और हरा धनिया डालकर प्याज को 3 से 4 मिनट तक भूनें।

अब इसमें कटा हुआ टमाटर डालकर 2 से 3 मिनट तक पकाएं। इसके बाद कसूरी मेथी, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालकर मसाले को अच्छी तरह भूनें। मसाला तैयार होने पर इसमें उबली हुई दाल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और दाल को 5 से 6 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। अब तड़का पैन में घी गर्म करके जीरा डालें। जीरा चटकने पर हींग, हरी मिर्च, कश्मीरी लाल मिर्च और हरा धनिया डालें। चाहें तो सूखी लाल मिर्च भी डाल सकते हैं। तैयार तड़के को गरम दाल में डालकर अच्छी तरह मिला दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *