दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बने अवैध ढांचों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, ये ढांचे हाई कमीशन की मंजूर सीमा से बाहर बने थे। कार्रवाई के दौरान बैरिकेड, फेंसिंग और वीजा सेक्शन के पास कतार प्रबंधन के लिए बनाए गए ढांचे भी हटाए गए। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब दो दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर भी बैरिकेड और पार्किंग पोल हटाए गए थे। वीजा सेक्शन के पास के ढांचे भी हटाए संबंधित एजेंसियों ने JCB की मदद से हाई कमीशन के बाहर सड़क की लेन में बने ढांचे और बैरिकेड हटाए। वीजा सेक्शन के पास लोगों की कतार संभालने के लिए लगाए गए क्यू-मैनेजमेंट स्ट्रक्चर भी तोड़े गए। मौके की तस्वीरों में टूटी रेलिंग, गेट, लोहे के फ्रेम, छत की चादरें, ईंट और कंक्रीट के टुकड़े बिखरे दिखाई दिए। बाहरी हिस्से की सफेद मेटल फेंसिंग और कुछ कॉरुगेटेड रूफिंग भी हटा दी गई। मेन गेट और बिल्डिंग को नुकसान नहीं बुलडोजर एक्शन हाई कमीशन की मेन बिल्डिंग तक नहीं हुई। मेन गेट, सफेद दीवारें और पाकिस्तानी निशान वाला बड़ा प्रवेश द्वार सुरक्षित रहा। परिसर के कुछ हिस्सों में कांटेदार तार भी लगे दिखाई दिए। तोड़फोड़ के बाद वीजा सेक्शन के सर्विस काउंटर दिखाई दे रहे थे। वहां ‘विंडो 1’, ‘पाकिस्तान पासपोर्ट ऑनली’ और ‘विंडो-5 / कलेक्शन ऑफ वीजा एप्लीकेंट्स’ जैसे बोर्ड लगे थे। काउंटरों के आसपास टूटी फेंसिंग और कंस्ट्रक्शन सामान पड़े थे। इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर बैरिकैड्स हटाए थे दो दिन पहले 17 अगस्त इस्लामाबाद स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड और पार्किंग पोल हटाए गए थे। वहां भी बाहरी सुरक्षा घेरे से जुड़े कुछ इंतजामों को हटाया गया था। हालांकि, दिल्ली में पाक हाई कमीशन के बाहर हुई कार्रवाई और इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर हुई कार्रवाई के बीच किसी आधिकारिक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
दिल्ली में पाक हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर:बैरिकेड-फेंसिंग हटाए गए; दो दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर कार्रवाई हुई थी

