केरल उच्च न्यायालय ने एक प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता में हिंदुत्व विचारक वी डी सावरकर से जुड़ा ‘गलत सवाल’ रखने की वजह से एक सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक स्कूल के शिक्षक को निलंबित करने के निर्णय पर बुधवार को रोक लगा दी। न्यायमूर्ति विजू अब्राहम ने कहा कि शिक्षक गुरुप्रसाद राय के. पर लगे आरोपों की प्रकृति पर संज्ञान लेने पर प्रतीत होता है कि उनके खिलाफ जांच लंबित रहने तक उन्हें निलंबित रखने की जरूरत नहीं है। अदालत ने साथ ही कहा कि राय पर लगे आरोपों पर संज्ञान लेते हुए उसका मानना है कि जांच जारी रहेगी।
पीठ ने कहा, ‘‘याचिकाकर्ता (राय) पर लगाए गए आरोपों पर संज्ञान लेते हुए, मेरी राय है कि शुरू की गई जांच जारी रह सकती है, लेकिन साथ ही, मेरा मानना है कि उन पर लगाए गए आरोपों की प्रकृति के मद्देनजर उचित जांच के लिए याचिकाकर्ता का निलंबन जारी रखने की जरूरत नहीं है।’’
न्यायमूर्ति अब्राहम ने कहा, ‘‘उपरोक्त चर्चा के मद्देनजर मैं निलंबन आदेश पर एक महीने के लिए रोक लगाने वाला अंतरिम आदेश देने का इच्छुक हूं।’’ इसी के साथ उन्होंने मामले की अगली सुनवाई 18 सितंबर को सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया। यह विवादित सवाल उस प्रश्नावली में शामिल था जिसे कुंबला और मंजेश्वर उप जिलों के तहत संचालित निम्न प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और उच्च माध्यमिक कक्षाओं के छात्रों के लिए छह अगस्त को आयोजित ‘स्कूल-स्तरीय सामाजिक विज्ञान स्वतंत्रता प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता-2026’ के लिए तैयार किया गया था।

