लखीमपुर खीरी में सूदखोरों की कथित प्रताड़ना से परेशान एक ऑटो चालक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रामापुर क्षेत्र निवासी संजय अवस्थी (46) के रूप में हुई है। मृतक के बेटे मोहित के मुताबिक, उनके पिता ने करीब दो साल पहले शहर के एक युवक से एक लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। परिवार का दावा है कि अब तक करीब 2.40 लाख रुपये लौटाए जा चुके थे। इसके बावजूद आरोपी मूलधन बकाया होने की बात कहकर संजय पर लगातार रुपये देने का दबाव बना रहा था। घर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी का आरोप परिजनों का आरोप है कि 17 अगस्त को सूदखोर कुछ साथियों के साथ संजय के घर पहुंचा था। वहां रुपये मांगते हुए गाली-गलौज की गई। रुपये नहीं देने पर संजय को गोली मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद से संजय मानसिक रूप से काफी परेशान थे। मंगलवार सुबह संजय ऑटो लेकर घर से निकले थे। वापस लौटने पर उनकी हालत खराब थी। परिजनों के अनुसार, संजय ने बताया कि सूदखोरों की प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की अपने स्तर से जानकारी कराई जा रही है और तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

