‘झारखंड से शिक्षा माफिया को जड़ से उखाड़ फेकेंगे’, JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की ‘आभार यात्रा’, छात्र नेता देवेंद्र महतो की हुंकार

‘झारखंड से शिक्षा माफिया को जड़ से उखाड़ फेकेंगे’, JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की ‘आभार यात्रा’, छात्र नेता देवेंद्र महतो की हुंकार

JPSC Abhar Yatra Ranchi; झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। रांची में छात्रों और अभ्यर्थियों ने एकजुट होकर एक ‘आभार यात्रा’ का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।

‘भ्रष्टाचार और पेपर लीक बर्दाश्त नहीं’

विरोध प्रदर्शन और आभार यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए छात्र नेता देवेंद्र महतो ने झारखंड की भर्ती व्यवस्था और कथित शिक्षा माफिया के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि राज्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भर्ती परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की जरूरत है, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ किसी तरह का अन्याय न हो। महतो ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी की वजह से हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है और उनका भरोसा व्यवस्था से उठने लगता है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और पैरवी के खेल को खत्म करने की मांग करते हुए कहा कि सरकारी नौकरियों में चयन योग्यता और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या धांधली स्वीकार नहीं की जाएगी और जब तक भर्ती व्यवस्था को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक छात्रों की आवाज उठती रहेगी।

‘यह भगवान बिरसा मुंडा और संघर्ष की धरती है’

अपनी बात को जोर-शोर से रखते हुए छात्र नेता ने राज्य के महान स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि ‘यह धरती भगवान बिरसा मुंडा, फूलो-झानो और चांद-भैरव की पावन भूमि है। यह संघर्ष की धरती है। हम इस माटी से शिक्षा माफिया का नामोनिशान मिटा देंगे और उनके सिंडिकेट को जड़ से उखाड़ फेकेंगे।’

भर्ती परीक्षाओं में सुधार की मांग तेज़

आभार यात्रा के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और मांग की कि JPSC व JSSC की सभी लंबित व आगामी परीक्षाओं को बिना किसी गड़बड़ी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से आयोजित किया जाए। छात्रों का कहना है कि वे अपने अधिकारों और पारदर्शी भविष्य के लिए यह लड़ाई आगे भी जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *