FSSAI एक्शन: 6 कंपनियों ने 100 प्रतिशत के भ्रामक दावे हटाए, Amway भी शामिल

FSSAI एक्शन: 6 कंपनियों ने 100 प्रतिशत के भ्रामक दावे हटाए, Amway भी शामिल

खाद्य नियामक एफएसएसएआई की कार्रवाई के बाद एमवे इंडिया, इमामी, बॉन बिस्किट्स और तीन अन्य कंपनियों ने अपने उत्पादों की पैकेजिंग, लेबल और विज्ञापनों से ‘100 प्रतिशत’ के भ्रामक दावे हटा दिए हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि उसने खाद्य कारोबार परिचालकों (एफबीओ) को उत्पादों के लेबल, पैकेजिंग और प्रचार सामग्री में ‘100 प्रतिशत’ शब्द के इस्तेमाल को बंद करने का निर्देश दिया था। नियामकीय हस्तक्षेप के बाद छह कंपनियों ने सुधारात्मक कदम उठाते हुए अपने उत्पादों और विज्ञापनों से ऐसे दावे हटा दिए हैं।

एफएसएसएआई ने कहा कि बॉन बिस्किट्स प्राइवेट लिमिटेड ने अपने ‘बॉन क्यूमिन फ्लेवर जीरा बाइट बिस्किट्स’ के विज्ञापन में ‘100 प्रतिशत’ दावा किया था। कंपनी ने अब अपनी वेबसाइट से यह दावा हटा दिया है। इमामी लिमिटेड ने अपने ‘झंडू शहद’ उत्पाद के लिए ‘100 प्रतिशत’ दावा किया था।

कंपनी ने एफएसएसएआई के परामर्श के बाद यह दावा हटा दिया है। इसी तरह, एपिस इंडिया ने भी अपने शहद उत्पादों से ऐसे दावे हटा दिए हैं। एमवे इंडिया एंटरप्राइजेज ने अपने एक उत्पाद के लिए ‘100 प्रतिशत शुद्ध नारियल तेल’ का दावा किया था।

लेकिन अब कंपनी ने उत्पाद की पैकेजिंग और प्रचार सामग्री से ‘100 प्रतिशत’ शब्द स्वेच्छा से हटा दिया है तथा पुराने स्टॉक की बिक्री भी रोक दी गई है। केरल की जुजा फूड्स ने भी अपने विभिन्न बेबी फूड उत्पादों से ‘100 प्रतिशत’ दावे हटा दिए हैं। इसके अलावा, मास्टरचॉव फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने भी अपने ‘रैमेन नूडल’ से ऐसा दावा हटाया है।

एफएसएसएआई ने हाल के महीनों में खाद्य कारोबार संचालकों के खिलाफ कानून के उल्लंघन को लेकर कई कार्रवाई की हैं। नियामक ने भ्रामक लेबल, दावों और विज्ञापनों के मामलों में कंपनियों को नोटिस जारी किए हैं। खाद्य नियामक ने मंगलवार को भी कहा था कि डाबर इंडिया और फर्न्स एन पेटल्स समेत छह कंपनियों ने उसका नोटिस मिलने के बाद अपनी गलतियों में सुधार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *