मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ स्थित सांदीपनि विद्यालय में अर्थशास्त्र विषय के वरिष्ठ अध्यापक उमेश कुमार मोदी का तबादला कर दिया गया है। उन पर कक्षाएं न लेने और छात्रों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप था। यह कार्रवाई विद्यार्थियों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रदर्शन के बाद हुई है। बुधवार को विद्यार्थियों और अभाविप कार्यकर्ताओं ने मल्हारगढ़ स्थित बीईओ कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारी कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए और शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। अभाविप मल्हारगढ़ ने 6 अगस्त को जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शिक्षक उमेश कुमार मोदी पर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप था कि वे विद्यालय में उपस्थित रहने के बावजूद कक्षा 11वीं और 12वीं के पीरियड नहीं लेते थे। पूछने पर बोले- मर्जी से पढ़ाउंगा
विद्यार्थियों का कहना था कि जब शिक्षक से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने अभद्र व्यवहार किया और कथित तौर पर कहा कि वे अपनी मर्जी से पढ़ाएंगे। अभाविप ने शिक्षक को निलंबित करने की मांग करते हुए कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। अभाविप के ज्ञापन के बाद मल्हारगढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने 6 अगस्त को जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा था। इसमें छात्र संगठन द्वारा सांदीपनि विद्यालय में पदस्थ वरिष्ठ अध्यापक उमेश कुमार मोदी के खिलाफ शिकायत का उल्लेख था। कार्रवाई में देरी होने पर किया था प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट जिला पंचायत सीईओ तक पहुंच चुकी थी, लेकिन कार्रवाई में देरी हो रही थी। विद्यार्थियों ने तत्काल निर्णय लेने की मांग की, जिसके बाद शिक्षक का तबादला कर दिया गया। बीईओ कार्यालय में प्रदर्शन के बाद विद्यार्थी और अभाविप कार्यकर्ता सीएम राइज स्कूल पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इसके कुछ देर बाद जिला शिक्षा अधिकारी का आदेश सामने आया, जिसमें शिक्षक उमेश कुमार मोदी को कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ किए जाने के निर्देश जारी किए गए। जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के बाद फिलहाल प्रदर्शन समाप्त हो गया है।

