आमानाका इलाके में कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बाद आरोपी 18 अगस्त को न्यायालय पहुंचा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त को टाटीबंध में परमजीत रणगण्ही की कार से कुचलकर मौत के मामले में आमानाका थाने में FIR दर्ज हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विवाद के बाद भरत मंगनानी ने जानबूझकर तेज रफ्तार कार परमजीत के ऊपर चढ़ा दी थी। शादी की बातचीत के दौरान हुआ था विवाद परमजीत की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी। 14 अगस्त को शिखा अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारा के पास शिखा और परमजीत की मुलाकात हुई। इस दौरान भरत भी वहां मौजूद था। बातचीत के दौरान परमजीत और भरत के बीच विवाद हो गया। शिकायत के मुताबिक, विवाद के बाद भरत ने परमजीत को जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार में कार दौड़ाई और उसे कुचल दिया। कार की चपेट में आने से परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद भरत कार लेकर मौके से फरार हो गया। BNS की धारा 103 में दर्ज हुआ केस परमजीत की मौत के बाद आमानाका पुलिस ने अपराध क्रमांक 264/2026 दर्ज किया। मामले में BNS की धारा 103 के तहत हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। तकनीकी माध्यमों से भी उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच भरत ने कोर्ट में पहुंचकर सरेंडर कर दिया। अब पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। क्या था मामला? आमानाका इलाके में 14 अगस्त को परमजीत सिंह की मौत का मामला सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, परमजीत ने अपनी गर्लफ्रेंड को उसके दोस्त भरत मंगनानी के साथ देखा था। दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद शिखा भरत के साथ कार से जाने लगी। परमजीत ने उन्हें रोकने की कोशिश की और विवाद के दौरान भरत की कार में टक्कर भी मारी। इसके बाद भरत कार लेकर आगे बढ़ने लगा। पुलिस की शुरुआती जांच और CCTV फुटेज के मुताबिक, परमजीत कार के बोनट पर चढ़ गया था। कार करीब 200 मीटर तक चलती रही, जिसके बाद परमजीत सड़क पर गिर गया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद कार उसके ऊपर चढ़ गई और उसे गंभीर चोटें आईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या का संदेह हुआ और आरोपी भरत के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। घटना के बाद से वह फरार था। अब कोर्ट में सरेंडर के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

