श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र में बदला चौराहा से बरदेहरा जाने वाले मार्ग पर लक्ष्मणपुर के पास सड़क के बीच एक गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।बारिश के बाद गड्ढे में पानी भर जाने से उसकी गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है,जिसके कारण आए दिन बाइक सवार और ई-रिक्शा चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। बुधवार को ग्रामीणों ने बताया की कई ई-रिक्शा पलटने से बचे हैं। सड़क किनारे बनी नाली अवरुद्ध होने के कारण बारिश का पानी ठीक से निकल नहीं पाता। इससे गड्ढे के साथ-साथ पूरी सड़क पर पानी जमा हो जाता है। जलभराव के कारण राहगीरों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता,जिससे वाहन चालक लगातार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। दोपहिया वाहनों और ई-रिक्शा चालकों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से खतरनाक बनी हुई है। यह मार्ग स्कूली बच्चों के आवागमन का भी एक प्रमुख रास्ता है। सड़क के बीच पानी से भरे इस गहरे गड्ढे ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस गड्ढे की मरम्मत नहीं कराई गई, तो किसी दिन कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। यह मार्ग जमुनहा तहसील क्षेत्र के अधिकांश गांवों के लोगों के लिए भिनगा जिला मुख्यालय पहुंचने का मुख्य रास्ता है।इस सड़क से रोजाना ग्रामीण, कई अधिकारी-कर्मचारी, मरीज और एंबुलेंस भी गुजरते हैं। जिला अस्पताल और विभिन्न सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने के लिए भी लोगों को इसी मार्ग का उपयोग करना पड़ता है। स्थानीय निवासी सुबराती ने बताया कि बदला-भिनगा मार्ग पर एक काफी गहरा गड्ढा बन गया है। बारिश के दिनों में यह पानी से भरा रहता है, जिससे आए दिन टेंपो और बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सड़क किनारे जल निकासी के लिए बनी नाली भी अवरुद्ध है, जिसके कारण पानी सड़क पर जमा रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल इस गड्ढे की मरम्मत कराने, नाली की सफाई कर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

