Food Delivery Cost Hike: ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते समय ग्राहक का सबसे ज्यादा ध्यान इस बात पर होता है कि बिल कितने का बन रहा है। ऐसे में अगर आप अक्सर ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं तो आपको ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। दरअसल, प्लास्टिक पैकेजिंग की जगह पर्यावरण के अनुकूल और बायोडिग्रेडेबल पैकेजिंग इस्तेमाल करने से खाने का बिल 10 से 30 फीसदी तक महंगा हो सकता है। द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, Zomato की चीफ सस्टेनेबिलिटी ऑफिसर अंजलि रवि कुमार ने बताया कि प्लास्टिक को बदलने की सबसे बड़ी चुनौती इसकी लागत है।
अभी पैकेजिंग पर कितना खर्च होता है?
फिलहाल ज्यादातर फूड डिलीवरी प्लास्टिक के कंटेनर या प्लास्टिक रैपिंग में होती है। इस पैकेजिंग का खर्च आमतौर पर खाने के कुल ऑर्डर की कीमत का करीब 5 फीसदी होता है और यह पैसा ग्राहक ही देता है। ऐसे में अगर बायोडिग्रेडेबल पैकेजिंग का इस्तेमाल बढ़ता है, तो यह महंगा साबित होगा और इसका असर सीधे ग्राहक की जेब पर पड़ सकता है। फिलहाल जोमैटो प्लास्टिक के विकल्प के तौर पर बगास, एल्युमिनियम, कागज और मिट्टी के बर्तनों जैसी चीजों को बढ़ावा दे रहा है। हालांकि, इन विकल्पों की कीमत अभी ज्यादा है।
10 हजार से ज्यादा रेस्तरां जुड़े
ग्राहकों के लिए जोमैटो ने ऐप पर लो-प्लास्टिक-पैकेजिंग फिल्टर भी शुरू किया है। इससे ग्राहक कम प्लास्टिक वाली पैकेजिंग इस्तेमाल करने वाले रेस्तरां पहचान सकते हैं। जोमैटो के प्लास्टिक फ्री फ्यूटर प्रोग्राम के तहत 500 से ज्यादा शहरों में 10,000 से अधिक रेस्तरां को प्लास्टिक के विकल्प अपनाने के लिए मान्यता दी गई है।
बिरयानी से मिठाई तक के लिए अच्छी पैकेजिंग जरूरी
जोमैटो के मुताबिक, फूड डिलीवरी में पैकेजिंग का चुनाव काफी महत्वपूर्ण है। पैकेजिंग ऐसी होनी चाहिए जो बिरयानी से लेकर मिठाई तक अलग-अलग तरह के खाने को संभाल सके और पूरी डिलीवरी के दौरान सुरक्षित रहे। रेस्तरां को पैकेजिंग चुनते समय अपने खाने, ब्रांड और लागत को ध्यान में रखना चाहिए।
ज्यादा इस्तेमाल से घट सकती है कीमत
जोमैटो के मुताबिक, ग्राहक पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प तो चाहते हैं, लेकिन ज्यादा कीमत चुकाने की उनकी क्षमता सीमित है। हालांकि, बायोडिग्रेडेबल पैकेजिंग का इस्तेमाल बढ़ने पर इसकी लागत कम हो सकती है। जैसे-जैसे ज्यादा रेस्तरां और कंपनियां ऐसी पैकेजिंग अपनाएंगी, उत्पादन का पैमाना बढ़ेगा और लागत घटाने में मदद मिलेगी।


Mini Tejaswi