सरगुजा में भाजपा ने एक कांग्रेस कार्यकर्ता को भाजपा के एससी मोर्चा का दरिमा मंडल मंत्री बना दिया। एससी मोर्चा जिला कार्यकारिणी की घोषणा होने के बाद जब इसकी जानकारी कांग्रेस कार्यकर्ता को मिली तो उसने शपथ पत्र देकर अपना नाम काटने के लिए भाजपा नेताओं से संपर्क किया। कांग्रेस ने मामले को लेकर आपत्ति जताई है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा सरगुजा के एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र रवि की अनुशंसा पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने दरिमा मंडल कार्यकारिणी की सूची जारी की थी, जिसमें ग्राम करजी के रविशंकर नायक को दरिमा मंडल मंत्री मनोनीत किया गया था। जब रविशंकर नायक को इसकी जानकारी मिली तो वे स्वयं भौचक रह गए। रविशंकर नायक का पूरा परिवार दशकों से कांग्रेस से जुड़ा है। रविशंकर वर्तमान में करजी पंचायत के उपसरपंच भी हैं। शपथ पत्र देकर कहा-मेरा नाम काटें रविशंकर नायक ने बताया कि इसकी जानकारी उन्हें मई 2026 के अंतिम सप्ताह में मिली तो वे कोर्ट पहुंचे और शपथ पत्र बनवाकर नोटरी कराई। शपथ पत्र लेकर वे भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया से मिले और अपना नाम पदाधिकारी की सूची से काटने के लिए कहा। रविशंकर नायक के अनुसार भाजपा जिलाध्यक्ष सिसोदिया ने कहा कि मंडलों से नाम आए होंगे, जिसके आधार पर सूची जारी की जाती है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों से चर्चा के बाद उनका नाम काट दिया जाएगा। रविशंकर नायक ने भाजपा अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र रवि को शपथ पत्र के साथ पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने बताया कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों की सूची में उनका नाम क्रमांक 13 पर मंत्री के रूप में अंकित है। नायक ने पत्र में बताया कि मैं और मेरा परिवार दशकों से कांग्रेस से जुड़ा है और वे कांग्रेस के प्रति निष्ठा रखते हैं। मेरा नाम तत्काल सूची से हटवाया जाए। भाजपा मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र रवि से बकायदे पत्र पर पावती भी ली गई थी। कांग्रेस ने जताई आपत्ति इस मामले में तीन माह बाद कांग्रेस ने प्रेस कांफ्रेस आयोजित की और रविशंकर नायक को प्रेस के सामने लेकर आए। कांग्रेस मीडिया सेल प्रभारी अनूप मेहता ने कहा कि सामान्य तौर पर पदाधिकारी उसे बनाया जाता है, जो संगठन में सक्रिय हो। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के पास पदाधिकारी बनाने के लिए सक्रिय कार्यकर्ता नहीं मिल रहे हैं। मामले में भाजपा सरगुजा एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र रवि से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।

