गाजा पर फिर हमला करके इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू बुरी तरह फंस गए हैं। उन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक खास योजना को फेल करने की साजिश का आरोप लगा है।
दरअसल गाजा शहर में मंगलवार को इजराइली हमले के बाद सात फिलिस्तीनी मारे गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। हमास ने इसे जानबूझकर किया गया कत्लेआम बताया है।
इस हमले के तुरंत बाद हमास ने बयान जारी किया। संगठन ने कहा- यह हमला काहिरा में हाल की बातचीत और चल रही मध्यस्थता के बीच हुआ। इससे साफ है कि इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू वार्ता को जानबूझकर रोकना चाहते हैं।
नेतन्याहू पर सीधा आरोप
हमास ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू अंतरराष्ट्रीय कोशिशों को नाकाम कर रहे हैं। ये कोशिशें डोनाल्ड ट्रंप की गाजा शांति योजना को आगे बढ़ाने के लिए हो रही हैं, पर नेतन्याहू इसे किसी तरह से विफल करने में जुटे हैं।
संगठन ने कहा कि हमले का समय देखकर कोई भी समझ सकता है कि इसका इरादा वार्ता को बिगाड़ना है। हमास ने अपनी तरफ से साफ कहा कि वह युद्धविराम समझौते तक पहुंचने के लिए पूरी तरह तैयार है। लेकिन नेतन्याहू की हरकतें बीच में रोड़ा अटका रही हैं।
शर्म अल-शेख समझौते की बात
संगठन ने अमेरिकी सरकार, मध्यस्थ देशों और गारंटर देशों से हमलों को लेकर खास अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग इजराइली सरकार पर दबाव डालें ताकि वह समझौते का सम्मान करे। साथ ही अपनी कार्रवाइयां रोके और नेतन्याहू को शर्म अल-शेख डील में अड़चन डालने से रोके।
यह बयान उस वक्त आया है जब गाजा में स्थिति बहुत तनावपूर्ण बनी हुई है। आम लोग लगातार हमलों और तबाही का सामना कर रहे हैं। हमास का दावा है कि ऐसी घटनाएं शांति की राह को और कठिन बना रही हैं।
वार्ता की क्या है मौजूदा हालत?
काहिरा में हाल में हुई चर्चाओं के बाद कुछ उम्मीद जगी थी। लेकिन इस हमले ने फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। हमास का मानना है कि नेतन्याहू जानबूझकर हालात बिगाड़ रहे हैं ताकि कोई ठोस समझौता न हो सके।
संगठन ने साफ कहा कि वह बातचीत के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन इजराइल की तरफ से हो रहे हमले इस प्रक्रिया को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तुरंत कदम उठाने की मांग की है।


LIVE updates: