रतलाम शहर के दो बत्ती स्थित महाराज सज्जनसिंह प्रतिमा के पास चौपाटी क्षेत्र में मंगलवार शाम नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई का जोरदार विरोध देखने को मिला। खान-पान की दुकानों को हटाने पहुंची निगम टीम ने जेसीबी से ठेले लगने वाली सीमेंट कंक्रीट सड़क उखाड़ना शुरू किया, जिसके बाद ठेला संचालक और कांग्रेस नेता आक्रोशित हो गए। विरोध इतना बढ़ा कि कई लोग जेसीबी के सामने खड़े हो गए और महापौर के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जेसीबी से उखाड़ी गई सीमेंट सड़क नगर निगम की टीम ने चौपाटी क्षेत्र के एक हिस्से में जेसीबी चलाकर सीमेंट कंक्रीट सड़क तोड़ दी। आधा हिस्सा तोड़ने के बाद जैसे ही टीम दूसरे हिस्से में पहुंची, वहां मौजूद ठेला संचालकों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वर्षों से जहां ठेले लगाए जाते थे, उसी स्थान की सड़क को जेसीबी से उखाड़ा गया। कांग्रेस नेताओं ने मांगा लिखित आदेश विरोध की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता पारस सकलेचा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, कांग्रेस नेत्री यास्मिन शैरानी, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, ब्लॉक अध्यक्ष बसंत पंड्या और हिते पैमाल मौके पर पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्रसिंह पंवार से कार्रवाई का लिखित आदेश मांगा। उन्होंने पूछा कि ठेला संचालकों को हटाने के निर्देश किसके आदेश पर दिए गए हैं। इस पर स्वास्थ्य अधिकारी ने महापौर के निर्देश का हवाला दिया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। रात 9 बजे तक चला धरना कार्रवाई के विरोध में ठेला संचालकों और कांग्रेस नेताओं ने चौपाटी क्षेत्र में धरना शुरू कर दिया, जो मंगलवार रात करीब 9 बजे तक जारी रहा। धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि करीब 30 वर्षों से यह चौपाटी शहर के लोगों के लिए खान-पान और रोजगार का प्रमुख केंद्र रही है। उनका आरोप था कि गरीब दुकानदारों को हटाकर उनके रोजगार पर संकट खड़ा किया जा रहा है। जेसीबी हटने के बाद खत्म हुआ विवाद रात में स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्रसिंह पंवार धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने सभी को बुधवार सुबह 11 बजे नगर निगम कार्यालय में चर्चा के लिए बुलाया। ठेला संचालकों और कांग्रेस नेताओं ने पहले जेसीबी हटाने की मांग रखी। जेसीबी हटाए जाने के बाद प्रदर्शनकारी धरना समाप्त कर वहां से लौट गए। आज निगम कार्यालय में प्रदर्शन चौपाटी हटाने की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार सुबह 11 बजे नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। ठेला संचालकों के साथ कांग्रेस नेता निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे और कार्रवाई वापस लेने की मांग करेंगे।

