कानपुर में बुधवार को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक बुधवार को दिनभर आसमान में सामान्य से गहरे बादल छाए रहेंगे। दोपहर के बाद और रात के समय तेज बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना है। बारिश की संभावना 90% तक है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है। बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मानसून पूरी तरह सक्रिय है। बताते चलें कि एक जून से 17 अगस्त तक जिले में 495 मिमी बारिश हुई है। जबकि सामान्य तौर 429.3 मिमी पर होनी चाहिए। अभी तक 15 प्रतिशत बारिश अधिक दर्ज की गई है। दिन में उमस व गर्मी ने किया परेशान मंगलवार को दिन में धूप निकलने के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। धूप के बीच वातावरण में नमी अधिक होने से लोग पसीने से परेशान रहे। देर रात तक उमस ने लोगों को बेहाल किया। हालांकि देर रात हवा चलने से कुछ राहत मिली। 32.6 डिग्री रहा तापमान सीएसए की ओर से जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार को बादल और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। चेतावनी बिंदु से 78 सेमी दूर गंगा लगातार बारिश के चलते गंगा का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को शुक्लागंज में गंगा 112.22 मीटर पर रही जो कि चेतावनी बिंदु से 78 सेमी दूर है। इस स्थान पर चेतावनी बिंदु 113 मीटर व खतरे का निशान 114 मीटर पर है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने राहत व बचाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

