सुलतानपुर रोड पर बन रही आईटी सिटी में अपनी जमीन देने वाले किसानों को मंगलवार को लॉटरी के जरिए प्लॉट दिए गए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो ऑडिटोरियम में हुए ड्रॉ में 285 किसानों को कुल 434 विकसित प्लॉट आवंटित किए गए। प्लॉट मिलने के बाद किसानों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्लॉट आवंटन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई गई। लॉटरी की पर्चियां भी किसानों से ही निकलवाई गईं। उन्होंने बताया कि करीब 3500 एकड़ में विकसित हो रही आईटी सिटी के लिए जिन किसानों और जमीन मालिकों ने 30 जून 2026 तक एलडीए के साथ जमीन का अनुबंध किया था, उन्हें लैंड पूलिंग नीति के तहत उनकी दी गई जमीन के 25 फीसदी हिस्से के बराबर विकसित प्लॉट दिए जा रहे हैं। छह तरह के प्लॉट बांटे गए इस चरण में छह श्रेणियों के प्लॉट आवंटित हुए। इनमें 288 वर्गमीटर के 191, 200 वर्गमीटर के 32, 162 वर्गमीटर के 28, 128 वर्गमीटर के 34, 72 वर्गमीटर के 60 और 35 वर्गमीटर के 89 प्लॉट शामिल हैं। ड्रॉ की पूरी प्रक्रिया का एलडीए के यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया। दो चरणों में 963 प्लॉट पहले ही मिल चुके एलडीए के मुताबिक, इससे पहले आईटी सिटी के लिए जमीन देने वाले 650 किसानों को दो चरणों में 963 विकसित प्लॉट दिए जा चुके हैं। अब तीसरे चरण में 285 किसानों को 434 प्लॉट मिलने के बाद जमीन के बदले प्लॉट देने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।

