अयोध्या से 800-KM दूर राजस्थान घूस लेने गए साइबर अपराध शाखा के चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। अयोध्या SSP डॉ. गौरव ग्रोवर ने मंगलवार देर शाम दरोगा यशवंत सिंह, कांस्टेबल पवन कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल सोहन लाल और कांस्टेबल गौरव चारग के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए। राजस्थान के सीकर में ACB टीम ने अयोध्या (UP) साइबर पुलिस के SI और 3 कॉन्स्टेबल को 2.80 लाख रुपए रिश्वत लेकर जाते समय पकड़ा था। चारों पुलिसकर्मी साइबर ठगी के आरोपी से घूस लेकर अयोध्या लौट रहे थे। अब मामला विस्तार से… अयोध्या के साइबर पुलिस थाने में राजस्थान के सीकर के युवक के खिलाफ साइबर ठगी का मामला दर्ज था। मामले को रफा-दफा करने के लिए दरोगा यशवंत सिंह और उनके चार सहकर्मियों ने 8 लाख रुपए मांगे थे, 4 लाख रुपए पहले ले चुके थे। बची रकम को लेने के लिए यशवंत सिंह, कॉन्स्टेबल गौरव, सोहन और पवन त्रिपाठी के साथ राजस्थान गए थे। आरोपी घूस की रकम लेकर अयोध्या लौट रहे थे। इस दौरान पीड़ित की सूचना पर ACB टीम ने मंगलवार दोपहर सीकर-बीकानेर नेशनल हाईवे पर रसीदपुरा टोल पर आरोपियों को रोक लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने अपनी कार से ACB टीम की गाड़ी को टक्कर मारकर भागने की भी कोशिश की थी। हालांकि ACB टीम ने चार को पकड़ लिया। सीकर ACB की गाड़ी को टक्कर मारी सीकर ACB के ASP विजय सिंह ने बताया- तीनों आरोपी परिवादी से रिश्वत लेने 3 दिन पहले सीकर आए थे। रिश्वत के रुपए लेकर अयोध्या लौट रहे थे। परिवादी की सूचना पर सीकर ACB टीम ने पहले से जाल बिछा रखा था। सीकर-बीकानेर नेशनल हाईवे पर रसीदपुरा टोल पर आरोपियों को गाड़ी को रोका। इसके बाद चेकिंग के दौरान उनके पास से रिश्वत के 2.80 लाख रुपए मिले। पूछताछ में तीनों आरोपी रकम के बारे में बता नहीं पाए। मामले को रफा-दफा करने के लिए मांगी थी रिश्वत ASP विजय सिंह ने बताया- सीकर जिले के रहने वाले परिवादी ने एसीबी में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया था कि 2024 में उसके खिलाफ अयोध्या के साइबर पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज हुई थी। मामले में पुलिसकर्मी 4 लाख रुपए पहले ले चुके थे। अब केस को रफा-दफा करने के नाम पर चार लाख की डिमांड की। इसके बाद 2.80 लाख रुपए में सेटलमेंट हुआ। आरोपियों ने अधिकारियों तक पैसे पहुंचाने की बात कही। …………………………………… यह खबर भी पढ़ें योगी का ऐलान- PRD जवानों का भत्ता 600 करेंगे: गोरखपुर में कैशलैस योजना शुरू की, 5 लाख तक इलाज फ्री होगा सीएम योगी ने मंगलवार को गोरखपुर में पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों के लिए ‘मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना’ का शुभारंभ किया। यहां पढ़ें पूरी खबर

