जुआ खेल रहे 11 लोग भागे, कुएं में गिरने से तीन युवकों की मौत

जुआ खेल रहे 11 लोग भागे, कुएं में गिरने से तीन युवकों की मौत

भावनगर जिले की घोघा तहसील के उखरला गांव के खेत में घटी घटना

राजकोट. भावनगर जिले की घोघा तहसील के उखरला गांव के खेत पर सोमवार देर रात गंभीर और हृदयविदारक घटना सामने आई। जुआ खेल रहे 11 लोग भाग रहे थे, इसी दौरान कुएं में गिरने से तीन युवकों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव के खेत पर सोमवार रात को अंधेरे का फायदा उठाकर करीब 11 लोग एकत्र होकर जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक किसी संदिग्ध हलचल या पुलिस के आने की अफवाह के चलते भागो, भागो.. की आवाज आई। इस दौरान भगदड़ के माहौल में अंधेरे के कारण खेत पर खुले कुएं का पता नहीं चला और तीन युवक कुएं में गिर गए। गहरे पानी में डूबने से मौके पर ही तीनों युवकों की मौत हो गई।
मृतकों में राहुल चौहान, निलेश डाभी और अजीतसिंह सिंधा शामिल हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस का काफिला तत्काल मौके पर पहुंचा। कुएं से तीनों युवकों के शव बाहर निकलवाकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भावनगर के सर टी अस्पताल पहुंचाए गए।

परिजनों के रुदन के कारण अस्पताल का माहौल गमगीन

घटना की खबर तेजी से फैलते ही बड़ी संख्या में मृतकों के परिजन और ग्रामीण अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए। एक साथ तीन युवकों की मौत से परिजनों के रुदन के कारण अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। उधर गांव में गहरा शोक व्याप्त हो गया। वरतेज थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उखरला गांव में सोमवार को रात के समय खेत पर कुछ लोग एकत्र हुए थे। मंगलवार सुबह फोन के जरिए सूचना मिली कि एक खेत पर कुएं में शव पड़ा है। पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, वहां एक के बाद एक तीन शव बरामद हुए।

छापेमारी के आरोप को पुलिस ने नकारा

लोगों के जुआ खेलते समय पुलिस द्वारा छापेमारी किए किए जाने के संबंध में मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया। इस बारे में आरोप के संबंध में पुलिस ने कहा कि ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है कि पुलिस ने छापेमारी की हो। पुलिस वहां गई ही नहीं थी। युवक किस कारण से एकत्र हुए थे, इसकी फिलहाल जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *