रेलवे क्रॉसिंग पर शराब के नशे में कार रोककर दबंगई:पुलिस ने हिरासत में लेकर तलाशी ली तो निकली एयरगन; जब्त कर आरोपी को थाने भेजा

रेलवे क्रॉसिंग पर शराब के नशे में कार रोककर दबंगई:पुलिस ने हिरासत में लेकर तलाशी ली तो निकली एयरगन; जब्त कर आरोपी को थाने भेजा

हापुड़ के मेरठ रोड रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार रात करीब 8 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में एक व्यक्ति ने कार रोककर हाथ में हथियारनुमा वस्तु दिखाई। राहगीरों ने इसे तमंचा समझ लिया और दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लेकर तलाशी ली। जांच में कमर से मिली वस्तु तमंचा नहीं बल्कि एयरगन निकली। पुलिस ने एयरगन जब्त कर आरोपी को थाने भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही केशव नगर चौकी प्रभारी बालेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेलवे क्रॉसिंग के पास सफेद रंग की कार खड़ी मिली। उसमें एक व्यक्ति बैठा था। पुलिस के अनुसार, वह शराब के नशे में था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो कमर से हथियारनुमा वस्तु बरामद हुई। पहली नजर में तमंचा लगी वस्तु, जांच में निकली एयरगन पुलिस ने बरामद वस्तु की जांच की तो पहली नजर में वह तमंचे जैसी दिखाई दी। हालांकि, विस्तृत जांच में उसके एयरगन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने एयरगन को कब्जे में ले लिया और व्यक्ति को थाने ले गई। पुलिस कार्रवाई का कुछ लोगों ने किया विरोध पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया। इससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। सख्ती के बाद शांत हुए प्रदर्शनकारी स्थिति बिगड़ती देख चौकी प्रभारी बालेंद्र कुमार ने सख्त लहजे में लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चेतावनी दी। पुलिस की सख्ती के बाद विरोध कर रहे लोग शांत हो गए और मौके से चले गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को थाने भेज दिया। सार्वजनिक स्थान पर एयरगन लेकर घूमने की जांच कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर हथियारनुमा वस्तु दिखाकर भय का माहौल पैदा करना गंभीर मामला है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी एयरगन लेकर सार्वजनिक स्थान पर क्यों घूम रहा था। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *