गणेश उत्सव-नवरात्रि से पहले POP की मूर्तियों पर रोक:सिर्फ मिट्टी की प्रतिमाएं ही बिकेंगी; मूर्तिकार संघ के साथ बैठक में दिए निर्देश

गणेश उत्सव-नवरात्रि से पहले POP की मूर्तियों पर रोक:सिर्फ मिट्टी की प्रतिमाएं ही बिकेंगी; मूर्तिकार संघ के साथ बैठक में दिए निर्देश

गणेश उत्सव और नवरात्रि से पहले इंदौर में मूर्ति निर्माण को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में अब केवल पारंपरिक मिट्टी से बनी गणेश और दुर्गा प्रतिमाओं का ही उत्पादन और विक्रय किया जा सकेगा। प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) अथवा अन्य रासायनिक पदार्थों से बनी प्रतिमाओं के निर्माण, बिक्री, बाहर से लाने और जिले से बाहर ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। पर्यावरण संरक्षण को लेकर मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में मूर्तिकारों की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में हुई बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोशन राय ने की। बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और मूर्तिकार संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उत्सव से पहले मूर्तिकारों को स्पष्ट निर्देश गणेश चतुर्थी और नवरात्रि में बड़ी संख्या में प्रतिमाओं की स्थापना होती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने मूर्तिकारों को अभी से पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाओं के निर्माण के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ राष्ट्रीय हरित अधिकरण की गाइडलाइन का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। मूर्तिकारों से कहा गया कि भगवान श्री गणेश और माता दुर्गा की प्रतिमाओं के निर्माण में प्राकृतिक सामग्री और पारंपरिक मिट्टी का ही उपयोग किया जाए। POP के साथ पकी मिट्टी और केमिकल पर भी रोक प्रतिमाओं के निर्माण में पकी हुई मिट्टी, POP, केमिकल या अन्य रासायनिक पदार्थों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा। POP के विकल्प के रूप में कागज जैसी प्राकृतिक सामग्री के इस्तेमाल की सलाह दी गई है। प्रतिमाओं पर रंग करने के लिए भी केवल प्राकृतिक और गैर-विषाक्त रंगों का उपयोग किया जा सकेगा। रासायनिक और विषाक्त रंगों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिले में बाहर से भी नहीं आ सकेंगी POP प्रतिमाएं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल इंदौर में POP की प्रतिमाएं बनाना ही प्रतिबंधित नहीं होगा, बल्कि POP या अन्य रासायनिक पदार्थों से बनी प्रतिमाओं को बाहर से इंदौर लाना और यहां से बाहर ले जाना भी प्रतिबंधित रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *