बीकानेर से बांद्रा टर्मिनस के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। यह ट्रेन अब रेगुलर चलेगी। स्पेशल ट्रेन का नंबर 04711/04712 था, जिसे अब 14711/14712 के रूप में बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस-बीकानेर साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार- ट्रेन नंबर 14711 बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस 26 अगस्त से हर बुधवार बीकानेर से दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 3:50 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वहीं ट्रेन नंबर 14712 बांद्रा टर्मिनस-बीकानेर साप्ताहिक एक्सप्रेस 27 अगस्त 2026 से प्रत्येक गुरुवार को बांद्रा टर्मिनस से शाम 7:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:55 बजे बीकानेर पहुंचेगी। 20 डिब्बों की होगी ट्रेन नियमित साप्ताहिक एक्सप्रेस में कुल 20 डिब्बे होंगे। इनमें 1 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 11 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। रेलवे के अनुसार बीकानेर से 26 अगस्त को रवाना होने वाली ट्रेन में 1 द्वितीय शयनयान और 1 थर्ड एसी श्रेणी का अस्थायी अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा। इसी तरह बांद्रा टर्मिनस से 27 अगस्त को रवाना होने वाली ट्रेन में भी 1 द्वितीय शयनयान और 1 थर्ड एसी श्रेणी का अस्थायी अतिरिक्त डिब्बा रहेगा।

