दमोह जिले के पथरिया में मंगलवार शाम एक घर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण आग लग गई। घर के पास ही गैस एजेंसी का गोदाम होने से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, कोमल साहू के घर में यह घटना हुई। आग की लपटें तेज होने पर घर की महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए जलते हुए सिलेंडर को तुरंत घर से बाहर सड़क किनारे फेंक दिया। इससे घर को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। सिलेंडर से लगातार आग की लपटें निकल रही थीं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान पथरिया थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाह ने हिम्मत दिखाते हुए जलते सिलेंडर को सड़क किनारे किया और आग बुझाने का प्रयास किया। प्रधान आरक्षक नरेंद्र बरदिया तत्काल अग्निशमन यंत्र लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन बताया गया कि अग्निशमन यंत्र काम नहीं कर रहा था। घटनास्थल के ठीक बगल में गैस एजेंसी का गोदाम होने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था प्रधान आरक्षक नरेंद्र बरदिया ने बताया कि जरा सी चूक होने पर आग बड़ा रूप ले सकती थी। गोदाम के पास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और समय रहते आग पर काबू पाना बेहद जरूरी था। कुछ देर बाद गैस सिलेंडर की गैस खत्म हो गई और धीरे-धीरे आग बुझ गई। जिस समय गैस सिलेंडर से आग की लपटें निकल रही थीं, उस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और नजारे को देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

