सहारनपुर में दिशा की बैठक में इमरान मसूद के तेवर:बोले-जनप्रतिनिधियों के पत्रों का जवाब दें अधिकारी, NHAI अफसरों की गैरहाजिरी पर नोटिस, विकास कार्यों में देरी और लापरवाही नहीं चलेगी

सहारनपुर में दिशा की बैठक में इमरान मसूद के तेवर:बोले-जनप्रतिनिधियों के पत्रों का जवाब दें अधिकारी, NHAI अफसरों की गैरहाजिरी पर नोटिस, विकास कार्यों में देरी और लापरवाही नहीं चलेगी

सहारनपुर में विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद इमरान मसूद ने की। बैठक में सरकारी योजनाओं और जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद इमरान मसूद ने अफसरों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। विकास कार्य समय पर पूरे हों और काम में किसी तरह की लापरवाही न हो। जनप्रतिनिधियों के पत्रों का जवाब दें अधिकारी इमरान मसूद ने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की समस्याएं और लोगों की मांगें अधिकारियों तक पहुंचाते हैं। इन मामलों को गंभीरता से लिया जाए। जो पत्र या शिकायत जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजी जाए, उस पर कार्रवाई की जाए और इसकी जानकारी भी संबंधित जनप्रतिनिधि को दी जाए। उन्होंने कहा कि जनहित के काम में बेवजह देरी नहीं होनी चाहिए। पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों पर भी जल्द काम पूरा करने को कहा। NHAI के अफसर नहीं पहुंचे, नोटिस जारी बैठक में NHAI के अधिकारियों के मौजूद नहीं होने पर सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में सभी अधिकारी पूरी तैयारी के साथ आएं। नगर निकायों के काम की भी समीक्षा हुई। सांसद ने कहा कि जहां काम धीमी गति से चल रहा है, वहां तेजी लाई जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाए। कैंसर जांच केंद्र बनाने की मांग स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान इमरान मसूद ने जिले में कैंसर जांच केंद्र बनाने की बात कही। उन्होंने इसके लिए उच्च स्तर पर पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिले के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। शिक्षा विभाग के काम की भी समीक्षा की गई। सांसद ने पूरी हो चुकी योजनाओं और विकास कार्यों पर जनप्रतिनिधियों के नाम के शिलापट लगाने के निर्देश दिए। जलभराव, बिजली और सड़क की समस्याएं उठीं बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की कई समस्याएं उठाईं। इनमें जलभराव, बिजली, सड़क, नालों की सफाई, साफ-सफाई और पेयजल से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं। इमरान मसूद ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का जल्द और सही तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए। इकरा हसन बोलीं- जहां जान का खतरा, वहां तुरंत काम हो कैराना सांसद इकरा हसन ने बिजली से जुड़ी समस्याओं के साथ दूसरे जनहित के मामले भी उठाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में लोगों की जान को खतरा हो सकता है, उन्हें सबसे पहले सुलझाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की बात कही। मनरेगा और पीएम आवास योजना की भी समीक्षा बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पेयजल, स्मार्ट सिटी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का पालन कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पिछली बैठकों में उठाए गए मामलों को भी देखें और उनका जल्द समाधान कर संबंधित जनप्रतिनिधियों को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचाया जाए और सड़क, भवन समेत सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, सीएमओ डॉ.प्रवीण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला विकास अधिकारी धीरेंद्र कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *