मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्रों का धरना, सुरक्षा पर सवाल:गर्ल्स हॉस्टल में पुरुष गार्डों के प्रवेश पर उठाए सवाल, इंडक्शन-चूल्हे जब्त करने का आरोप

मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्रों का धरना, सुरक्षा पर सवाल:गर्ल्स हॉस्टल में पुरुष गार्डों के प्रवेश पर उठाए सवाल, इंडक्शन-चूल्हे जब्त करने का आरोप

फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में मंगलवार को एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने पढ़ाई बंद कर धरना प्रदर्शन किया। छात्रों ने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था और देर रात हुई चेकिंग को लेकर कॉलेज प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्राचार्य कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते रहे। छात्रों ने आरोप लगाया कि देर रात सुरक्षा गार्डों ने हॉस्टल में चेकिंग की। इस दौरान गर्ल्स हॉस्टल में पुरुष सुरक्षा गार्डों के प्रवेश पर छात्राओं ने कड़ी आपत्ति जताई। छात्राओं का यह भी आरोप है कि चेकिंग के दौरान उनके वीडियो बनाए गए। इसके अतिरिक्त, हॉस्टल के कमरों से इंडक्शन चूल्हे जब्त किए गए और कुछ चूल्हों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया इस घटना से नाराज 2021 बैच के छात्र-छात्राओं के साथ जूनियर डॉक्टर भी धरने में शामिल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांग की कि उनकी बात सुनी जाए और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। छात्रों ने जोर देकर कहा कि हॉस्टल में छात्राओं की निजता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। देर शाम तक छात्र प्राचार्य कार्यालय के बाहर डटे रहे, जिससे कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हालांकि, छात्रों द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर कॉलेज प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *