Post Office FD Calculator: स्टॉक मार्केट, म्यूचुअल फंड, बॉन्ड, ईटीएफ और क्रिप्टो जैसे निवेश विकल्पों के बीच आज भी एफडी करोड़ों लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। इसकी वजह है तय और जोखिम मुक्त रिटर्न। एफडी में निवेश पर पैसा गंवा देने का जोखिम नहीं रहता। बैंक डूब भी जाए तो भी 5 लाख रुपये तक की रकम सुरक्षित रहती है। अगर आप बैंक से जुड़े थोड़े-बहुत जोखिम से भी बचना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की नेशनल सेविंग टाइम डिपॉजिट स्कीम में पैसा डाल सकते हैं। इसे पोस्ट ऑफिस टीडी कहते हैं। यह एफडी की तरह होती है, इसलिए इसे पोस्ट ऑफिस एफडी के रूप में भी जाना जाता है।
4 तरह की होती है पोस्ट ऑफिस एफडी
पोस्ट ऑफिस एफडी में न्यूनतम 1000 रुपये जमा किये जा सकते हैं। इसके बाद 100 रुपये के गुणक में निवेश किया जा सकता है। हालांकि, यहां कोई अधिकतम सीमा नहीं है। पोस्ट ऑफिस एफडी 4 तरह की होती हैं। 1 साल की एफडी, 2 साल की एफडी, 3 साल की एफडी और 5 साल की एफडी।
कितना मिल रहा ब्याज
पोस्ट ऑफिस एफडी में इस समय 6.9 फीसदी से 7.5 फीसदी ब्याज दर ऑफर हो रही है। एक साल की एफडी यानी टीडी अकाउंट पर 6.9 फीसदी ब्याज दर ऑफर हो रही है। 2 साल की एफडी पर 7 फीसदी, 3 साल की एफडी पर 7.1 फीसदी और 5 साल की एफडी पर 7.5 फीसदी ब्याज दर ऑफर हो रही है।
| एफडी की अवधि | ब्याज दर |
|---|---|
| 1 साल | 6.9% |
| 2 साल | 7.0% |
| 3 साल | 7.1% |
| 5 साल | 7.5% |
कौन कर सकता है निवेश
पोस्ट ऑफिस टीडी अकाउंट में भारतीय नागरिक खाता खुला सकते हैं। यहां सिंगल और जॉइंट दोनों तरह के अकाउंट खुलवा सकते हैं। नाबालिग और मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति के नाम पर अभिभावक भी यहां खाता खुलवा सकते हैं। 10 साल की उम्र पूरी कर चुके नाबालिग भी यहां खाता खुलवा सकते हैं।
1,2,3,5 साल की एफडी में 4 लाख रुपये डालें तो कितना मिलेगा रिटर्न
पोस्ट ऑफिस की 1 साल की एफडी में 4 लाख रुपये निवेश करें, तो मैच्योरिटी पर आपको 4,28,322 रुपये मिलेंगे। इसमें 28,322 रुपये आपकी ब्याज आय होगी। अगर आप यही 4 लाख रुपये की रकम 2 साल की पोस्ट ऑफिस एफडी में डालें तो मैच्योरिटी पर 4,59,553 रुपये मिलेंगे। इसमें 59,553 रुपये ब्याज आय होगी। अगर 3 साल की एफडी में यह निवेश करते हैं, तो मैच्योरिटी पर 4,94,030 रुपये मिलेंगे। इसमें 94,030 रुपये ब्याज आय होगी। अब अगर आप 5 साल की एफडी में 4 लाख रुपये डालते हैं, तो मैच्योरिटी पर आपको 5,79,979 रुपये मिलेंगे। इसमें 1,79,979 रुपये ब्याज आय होगी।
| एफडी की अवधि | निवेश राशि | मैच्योरिटी राशि | ब्याज से कमाई |
|---|---|---|---|
| 1 साल | ₹4,00,000 | ₹4,28,322 | ₹28,322 |
| 2 साल | ₹4,00,000 | ₹4,59,553 | ₹59,553 |
| 3 साल | ₹4,00,000 | ₹4,94,030 | ₹94,030 |
| 5 साल | ₹4,00,000 | ₹5,79,979 | ₹1,79,979 |
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)





Rakhi envelopes are now available at your nearest Post Office.