शामली के गांव कुड़ाना में दो दिन से लापता 18 वर्षीय शोएब के शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन खेत में कट्टे में बंद एक कटड़े का शव मिला। युवक का शव न मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। कुड़ाना निवासी 18 वर्षीय शोएब पिछले दो दिनों से लापता है। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई थी और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच पुलिस को कुरमाली रोड स्थित गांव के जंगल में एक युवक का शव खेत में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में गहन जांच शुरू की। पुलिस ने शव कब्जे में लिया जांच के दौरान, पुलिस को खेत में कट्टे में बंद एक कटड़े का शव मिला। इससे स्पष्ट हो गया कि युवक के शव मिलने की सूचना गलत थी। पुलिस ने कटड़े के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। वहीं, लापता शोएब की तलाश में पुलिस टीम अभी भी जुटी हुई है। एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि पुलिस को युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर युवक का शव नहीं मिला। सूचना गलत पाई गई और लापता युवक शोएब की तलाश जारी है।

