5 दिन से लापता युवक का पोखरी में मिला शव:गुजरात से बिहार लौटते समय हुआ था गायब, परिजनों ने की पहचान

5 दिन से लापता युवक का पोखरी में मिला शव:गुजरात से बिहार लौटते समय हुआ था गायब, परिजनों ने की पहचान

गुजरात से बिहार स्थित अपने घर लौट रहे एक युवक का शव 5 दिन बाद मंगलवार को भाटपाररानी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक किनारे स्थित पोखरी से बरामद हुआ। मृतक की पहचान सिवान, बिहार निवासी शेषनाथ कुमार (27) के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शेषनाथ गुजरात में मजदूरी करता था। वह 12 अगस्त को गुजरात से अपने घर के लिए निकला था। परिजनों के मुताबिक वह गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। 14 अगस्त को उसकी परिजनों से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिवार के लोग परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारों और परिचितों से भी शेषनाथ के बारे में जानकारी ली गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। रेलवे ट्रैक किनारे पोखरी में मिला शव इसी बीच 17 अगस्त को भाटपाररानी थाना क्षेत्र के बेलपार के पास रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित पोखरी में ग्रामीणों ने एक युवक का शव देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोखरी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। तत्काल पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। शव मिलने की जानकारी शेषनाथ के परिजनों तक पहुंची तो वे भाटपाररानी पहुंचे। मंगलवार को परिजनों ने शव की पहचान शेषनाथ कुमार के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शेषनाथ गुजरात से बिहार के लिए निकला था और गोरखपुर पहुंचने के बाद परिजनों से उसकी बातचीत भी हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अब रेलवे ट्रैक किनारे पोखरी में शव मिलने से उसकी मौत की परिस्थितियां सवालों के घेरे में हैं। शेषनाथ पोखरी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस उसके सफर, गोरखपुर पहुंचने के बाद की गतिविधियों और अन्य संभावित पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *