बुलंदशहर में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार दोपहर 3 बजे आई.पी. पी.जी. कॉलेज में साइबर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी क्राइम नरेश कुमार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में जिले के सभी थानों की साइबर सेल के पुलिसकर्मियों के साथ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, ओटीपी (OTP) और यूपीआई (UPI) फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को ऐसे अपराधों से बचने के तरीके बताए गए और साइबर ठगी के मामलों में सतर्कता बरतने की अपील की गई। अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह छात्रों को साइबर सुरक्षा के जरूरी उपाय बताए गए। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, सीवीवी या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करने पर जोर दिया गया। पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया बताई प्रशिक्षण के दौरान भारत सरकार के जीआरएम (GRM) और एमआरएम (MRM) पोर्टल के उपयोग और साइबर अपराधों की रोकथाम में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने और सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। पुलिसकर्मियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश पुलिसकर्मियों को साइबर शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने और उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का अधिकतम इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में समय रहते प्रभावी कदम उठाना बेहद जरूरी है। ठगी होने पर घबराएं नहीं, तुरंत शिकायत करें एसपी क्राइम नरेश कुमार ने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल आवश्यक सावधानियां बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों से बिना देरी किए आधिकारिक माध्यमों पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी की रकम और अन्य नुकसान को रोकने का प्रयास किया जा सके।

