मानिकपुर थाना क्षेत्र के मिरिया गांव में युवती द्वारा युवक की चप्पल से पिटाई का वायरल वीडियो अब एक नए मोड़ पर आ गया है। इस मामले में युवक रोहित मौर्य ने पलटवार करते हुए मोहम्मद हनीफ, मोहम्मद यूनुस, मरियम और अन्य के खिलाफ साजिश रचने तथा बदनाम करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। यह मामला 10 अगस्त को हुई एक घटना से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, युवती ने रोहित मौर्य की चप्पल से पिटाई की थी, जिसका वीडियो युवती के भाई ने अपने मोबाइल फोन में बनाया था। 12 अगस्त को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद यह प्रकरण सुर्खियों में आया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने पहले युवती पक्ष की तहरीर पर रोहित मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अब मिरिया कुटी निवासी रोहित मौर्य ने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने पूरे घटनाक्रम को एक सुनियोजित साजिश बताया है। रोहित का आरोप है कि उसके खेत के पास मोहम्मद हनीफ उर्फ बंटू की पटाखा फैक्ट्री है और इस रास्ते से आने-जाने के दौरान पहले भी फैक्ट्री पर मौजूद लोगों से कई बार विवाद हो चुका है। रोहित का कहना है कि उसे जानबूझकर बुलाया गया और विपक्षी पक्ष ने अपनी बेटी को आगे करके उस पर गलत आरोप लगाए। उसने आरोप लगाया कि मोहम्मद हनीफ, मोहम्मद यूनुस, मरियम और अन्य लोगों ने उसे घेर लिया। युवक का दावा है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में युवती से चप्पल से पिटवाया गया। उसका यह भी आरोप है कि घटना का केवल एक हिस्सा वायरल किया गया, जबकि उससे पहले हुई कथित मारपीट का वीडियो छिपा लिया गया। थाना प्रभारी पंकज राय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की निष्पक्ष विवेचना कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

