Ravi Kishan Dance Trend: अभिनेता और सांसद रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीक वायरल हो रहे अपने डांस वीडियोज और मीम्स को लेकर भी खूब चर्चा में हैं। रवि किशन के पुराने डांस स्टेप्स और एक्सप्रेशंस पर बन रही रील्स ने उन्हें Gen Z के बीच भी फेमस कर दिया है। इसी बीच उनका एक वायरल डांस ट्रेंड 2020 में रिलीज हुए गुच्ची गाने को भी वायरल कर रहा है। साथ ही इस गाने की OG सिंगर अरूब खान भी इसको मिल रही नई पहचान और ट्रेंड से काफी खुश हैं और रवि किशन के साथ कोलेबोरेट करना चाहती हैं।
रवि किशन का वायरल डांस और ‘गुच्ची’ गाना
रवि किशन के डांस क्लिप्स पर ‘गुच्ची’ गाना इस्तेमाल किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर इस गाने की रील्स और मीम्स की बाढ़ आ गई। अलग-अलग मीम्स और वीडियो में रवि किशन के डांस स्टेप्स को इस गाने के साथ एडिट किया जा रहा है।
अरूब खान ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में बताया कि शुरुआत में उन्हें समझ ही नहीं आया कि अचानक उनके गाने के साथ इतने वीडियो क्यों आने लगे। उन्होंने कहा कि पहले कुछ रैंडम वीडियो उनके पेज पर आए, लेकिन देखते ही देखते यह ट्रेंड हर जगह पहुंच गया। सिंगर के मुताबिक, उनके दोस्त और परिवार वाले भी उन्हें रवि किशन की रील्स भेजने लगे। उन्होंने कहा कि यह सब उनके लिए काफी मजेदार और शॉकिंग एक्सपीरियंस था। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनको बहुत खुशी हो रही है कि इतने साल बाद भी लोग और खासतौर पर Gen Z भी उनके गाने को पसंद कर रहे हैं और ट्रेंड में शामिल हो रहे हैं।
रवि किशन के साथ काम करना चाहती हैं अरूब
6 साल पहले आये गाने ‘गुच्ची’ के दोबारा वायरल होने के बाद अरूब खान अब रवि किशन के साथ कोलेबोरेशन करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे म्यूजिक की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती। अगर गाना अच्छा है तो लोग कभी भी उससे जुड़ सकते हैं। अरूब ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम से रवि किशन से कॉन्टैक्ट करने के लिए भी कहा है। उनके मुताबिक, रवि किशन ‘OG’ हैं और उन्होंने एक ट्रेंड सेट किया है।
वायरल हुआ रवि किशन का डांस
रवि किशन के पुराने डांस वीडियोज, फिल्मों के सीन और उनके बयान आए दिन सोशल मीडिया पर मीम्स और रील्स का हिस्सा बनते रहे हैं। उनके खास एक्सप्रेशंस, हाथों के इशारे और एनर्जेटिक डांस स्टेप्स को इंटरनेट यूजर्स नए-नए गानों के साथ जोड़कर रील्स और वीडियो बना रहे हैं। वहीं, खास बात यह है कि एक्टर खुद भी इस ट्रेंड का लुत्फ उठा रहे हैं और Gen Z का शुक्रिया अदा कर रहे हैं। हाल ही में रवि किशन ने बताया कि उनके मीम्स अब सिर्फ आम सोशल मीडिया यूजर्स तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सरकारी और संस्थागत सोशल मीडिया हैंडल्स ने भी उनके मीम्स का इस्तेमाल किया है।
‘Gen Z ने मुझे अपना मान लिया’
रवि किशन ने अपने वायरल मीम्स और Gen Z के बीच बढ़ती लोकप्रियता पर कहा कि उन्हें सबसे अच्छी बात यह लगती है कि यह सब ऑर्गेनिक तरीके से हुआ है। उनके मुताबिक, पहले लोग उन्हें उतना नहीं खोजते थे, लेकिन अब उनके बारे में जानना चाहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि Gen Z उन्हें अलग-अलग मजेदार नामों से बुलाता है। किसी के लिए वो ‘लॉर्ड रवि’ हैं तो कोई उन्हें ‘गॉड रवि’ या ‘आज का ओशो’ कहता है। रवि ने कहा कि Gen Z को उनकी कमियां और गलतियां भी अपनी जैसी लगती हैं। उनका मानना है कि शायद यही वजह है कि आज की युवा जेनरेशन उनसे जुड़ रही है।
सलमान खान की फिल्म में प्लेबैक सिंगिंग करना चाहती हैं अरूब खान
अरूब खान फिलहाल इंडिपेंडेंट म्यूजिक पर फोकस कर रही हैं, लेकिन उनका सपना बॉलीवुड फिल्मों के लिए गाना है। खासतौर पर वो सलमान खान की फिल्म में प्लेबैक सिंगिंग करना और सुनिधि चौहान के साथ सिंगिंग करना चाहती हैं।
रवि किशन का वर्कफ्रंट
वहीं, रवि किशन की बात करें तो उन्हें हाल ही में ‘धमाल 4’ में देखा गया था। अब वह ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा वो अपनी बेटी रिव्वा किशन के साथ रियलिटी शो ‘अलायंस’ में भी दिखाई दिए थे। फिलहाल रवि किशन के डांस स्टेप्स का यह नया सोशल मीडिया ट्रेंड न सिर्फ उन्हें Gen Z के बीच और लोकप्रिय बना रहा है, बल्कि ‘गुच्ची’ जैसे पुराने गाने को भी दोबारा सुर्खियों में ला रहा है।

